भजन गाकर मनाया फागुनोत्सव, निकाली शोभायात्रा
Varanasi News - वाराणसी में फागुनोत्सव के अवसर पर श्री श्याम दरबारी मंडल द्वारा श्याम प्रभु की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भक्तों ने उत्साह से भाग लिया और भक्ति संगीत के साथ श्याम मंदिर लक्सा पहुंचे। धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया, जिसमें महादेव का रुद्राभिषेक शामिल था।
वाराणसी, मुख्य संवाददाता। श्री श्याम दरबारी मंडल की ओर से फागुनोत्सव के निमित्त श्याम प्रभु की पालकी शोभायात्रा सोमवार को निकाली गई। शोभायात्रा की अगुवाई कर रहे डमरू दल ने डमरुओं की गर्जना से यात्रामार्ग पर लोगों को श्याम प्रभु के आगमन की सूचना दी। सभी भक्त हाथों में निशान लिये काशी को श्याममय बनाते श्याम मंदिर लक्सा पहुंचे। महमूरगंज स्थित दरबार बैंक्वेट से निकाली शोभायात्रा में सुसज्जित पालकी, निशान, पुष्पवर्षा और भक्ति संगीत के साथ भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। रथयात्रा, गुरुबाग होकर शोभायात्रा लक्सा स्थित श्याम मंदिर पहुंची। यहां सभी निशान श्याम प्रभु को अर्पित किए गए।
शोभायात्रा से पूर्व फागुनोत्सव की पांचवीं कड़ी में श्रीश्याम दरबारी मंडल की ओर से विविध धार्मिक अनुष्ठान किए गए। शुरुआत देवाधिदेव महादेव के रुद्राभिषेक से हुई। इसमें मंडल परिवार के पदाधिकारियों ने महादेव का आह्वान किया। उत्सव की सफलता के लिए प्रार्थना निवेदित की। रुद्राभिषेक में मंडल के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इसके बाद श्याम प्रभु के मनोहारी शृंगार के दर्शन आरंभ हुए। शृंगारित विग्रह के समक्ष श्याम ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। फागुनोत्सव में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से आए गायक अभिषेक माहेश्वरी ने मधुर एवं भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। अपराह्न में श्याम प्रभु की आरती के बाद भंडारा हुआ। इसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में अतुल अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, शैलेश कुमार गुप्ता, इंद्रजीत गुप्ता, प्रशांत गणेरीवाला, रोहित केशरी, मनीष अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, गौरव भरतिया, अनूप चटर्जी, श्रीकाशी अग्रवाल समाज के उपसभापति दीपक अग्रवाल, उदयराज सिंह, ओम तिवारी, नितेश अग्रहरि, मिलन केशरी, विवेक शंकर तिवारी आदि लगे रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


