Varanasi News: स्वतंत्रता सेनानी कोटे से प्रवेश न मिलने की शिकायत
Varanasi News: वाराणसी के हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में बीएससी (बायो ग्रुप) में प्रवेश को लेकर स्वतंत्रता सेनानी की पौत्री सेजल मिश्रा ने डीएम से शिकायत की है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर आश्रित कोटे का लाभ न देने का आरोप लगाया। प्राचार्य ने बताया कि पंजियाकरण की प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।

Varanasi News: वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में बीएससी (बायो ग्रुप) में प्रवेश को लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पौत्री सेजल मिश्रा ने डीएम से शिकायत की है। चंदौली के सहोराई गांव के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. रामचंद्र तिवारी की पौत्री और प्रभु नारायण की पुत्री ने कॉलेज प्रशासन पर आश्रित कोटे का लाभ न देने का आरोप लगाया। सेजल ने बताया कि उन्होंने बीएससी बायो ग्रुप में प्रवेश के लिए आवेदन करने के साथ प्रवेश परीक्षा में भी भाग लिया था। बताया कि प्रवेश काउंसिलिंग में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया। युवा परिषद के प्रदेश प्रमुख विवेकानंद सिंह ने बताया कि छात्रा 18 और 19 अगस्त को आवश्यक दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय पहुंचीं।
इसके बाद भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। 25 अगस्त को भी उन्होंने दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद छात्रा ने प्रकरण की शिकायत की है। इस संबंध में हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित अभ्यर्थियों के लिए सीट सुरक्षित रखी जाती है। नियमानुसार उनके प्रमाण पत्र का डीएम कार्यालय से सत्यापन कराया जाता है। इसके बाद उन्हें प्रवेश दिया जाता है। छात्रा के प्रकरण में भी सीट सुरक्षित रखी गई है। सत्यापन पूरा होते ही उसे बुलाकर प्रवेश दिया जाएगा।


