
बलिया खाद्यान्न घोटाले में पूर्व वीडीओ गिरफ्तार
संक्षेप: Varanasi News - वाराणसी में ईओडब्ल्यू की टीम ने बलिया खाद्यान्न घोटाले में पूर्व ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार दुबे को गिरफ्तार किया। 2002 से 2005 के बीच, बांसडीह ब्लॉक में 20 लाख का घोटाला हुआ। आरोप है कि उन्होंने वास्तविक श्रमिकों को खाद्यान्न वितरित नहीं किया और कालाबाजारी की।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बलिया खाद्यान्न घोटाले में ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम ने पूर्व ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) राजकुमार दुबे को शनिवार को बरेली से गिरफ्तार किया गया। आरोपी बरेली में आफिसर्स कॉलोनी कचहरी (कोतवाली) में अपने बेटे के पास छिपकर रह रहा था। वर्ष 2002 से 2005 के बीच बलिया में केन्द्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना अंतर्गत करोड़ों का घोटाला हुआ था। इसमें अकेले बांसडीह ब्लॉक में 20 लाख का घोटाला किया गया था। योजना के तहत विभिन्न गावों में ग्राम पंचायत अंश से नाली निर्माण, खड़ंजा निर्माण, पटरी मरम्मत, सम्पर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य, सीसी रोड और पुलिया निर्माण कार्य प्रस्तावित था।

इसमें लगे मजदूरों को काम के बदले खाद्यान्न (चावल) आवंटित कराया जाना था। आरोपियों ने वास्तविक मजदूरों को खाद्यान्न वितरित न कर कालाबाजारी कर लाखों का गबन किया था। इस संबंध में बांसडीह थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसकी जांच ईओडब्ल्यू वाराणसी को सौंपी गई। विवेचना में पाया गया कि आरोपियों ने मिलीभगत कर फर्जी मस्टर रोल तैयार कर पात्र एवं वास्तविक श्रमिकों को खाद्यान्न न देकर कालाबाजारी कर 20 लाख का गबन किया। कुल 11 आरोपियों के विरुद्ध आरोप प्रमाणित पाया गया। इसमें गिरफ्तार हुसैनाबाद (बांसडीह) निवासी राज कुमार दुबे तत्कालीन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी था। वह लंबे समय से बरेली में अपने बेटे के घर पर रहता था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




