
बीएचयू की साइबर लाइब्रेरी में आग से लाखों की क्षति
Varanasi News - वाराणसी के बीएचयू की साइबर लाइब्रेरी में शुक्रवार की सुबह आग लग गई। बैटरी रूम से धुआं उठने पर छात्रों ने प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से बैटरी कक्ष पूरी तरह जल गया और शॉट सर्किट को हादसे का कारण माना जा रहा है।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बीएचयू के सयाजीराव गायकवाड़ केंद्रीय पुस्तकालय की साइबर लाइब्रेरी में शुक्रवार की सुबह आग लग गई। लाइब्रेरी के प्रथम तल पर बैटरी रूम से धुआं उठता देख छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले आग तेजी से बढ़ी और साइबर लाइब्रेरी में मौजूद छात्रों को बाहर निकाला गया। लगभग डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू किया गया। साइबर लाइब्रेरी में सुबह आठ बजे 400 से ज्यादा छात्र मौजूद थे। छात्रों के मुताबिक प्रथम तल के सामने के हिस्से में स्थित बैटरी रूम से अचानक धुआं उठना शुरू हो गया।

अचानक तेज लपटें खिड़की से बाहर निकलने लगीं। साइबर लाइब्रेरी के विभिन्न हॉल में कंप्यूटरों पर बैठे छात्रों में भगदड़ मच गई। छात्र अपने बैग, मोबाइल और किताबें छोड़कर भागने लगे। लाइब्रेरी कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाने की कोशिश भी की गईं। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। साइबर लाइब्रेरी में आग से बैटरी कक्ष पूरी तरह जल गया। वहां रखे कागजात भी राख हो गए। बगल के बड़े हॉल में भी कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस सहित अन्य मशीनें भी आग की जद में आ गईं और फॉल्स सीलिंग भी जल गई। हादसे का कारण प्रथमदृष्टया शॉट सर्किट माना जा रहा है। बीएचयू प्रशासन की तरफ से जारी सूचना में एक यूपीएस, कुछ बैटरियां और कुछ अनुपयोगी उपकरणों को क्षति पहुंचने की जानकारी दी गई है। आग बुझने के बाद लौटाया गया सामान वाराणसी। साइबर लाइब्रेरी में आग लगने पर वहां बैठे विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अफरातफरी में तमाम छात्रों के बैग, मोबाइल और किताबें वहीं छूट गईं। आग पर काबू पाने के बाद सभी विद्यार्थियों को वापस बुलाकर उनका सामान लौटाया गया। लाइब्रेरी की तरफ से हर छात्र की एंट्री कराकर बाकायदा उनकी फोटो भी ली गई। छात्रों ने बताया कि आग बुझाने में देरी शटडाउन लेने में विलंब के कारण भी हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




