
शहर से गांव तक ओटीएस के लिए चला प्रचार अभियान
Varanasi News - पूर्वांचल में ‘बिजली बिल राहत योजना’ आज से प्रारंभ हो गई है। अधिकारियों ने योजना के प्रचार प्रसार के लिए लोगों से संपर्क किया। यह योजना तीन चरणों में चलेगी, जिसमें उपभोक्ताओं को विलम्बित अधिभार में छूट और एकमुश्त भुगतान पर अतिरिक्त छूट मिलेगी। एमडी ने योजना की प्रगति की दैनिक समीक्षा का आश्वासन दिया।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। पूर्वांचल में ‘बिजली बिल राहत योजना’ आज से प्रारंभ हो गई। योजना की सफलता के लिए रविवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाके में देर शाम तक प्रचार प्रसार किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों से संपर्क किया और योजना के बारे में जानकारी दी। विवाह आयोजनों भी योजना का प्रचार प्रसार किया गया। वहीं, पूर्वांचल डिस्कॉम के एमडी शंभु कुमार योजना के तैयारियों की समीक्षा की। एमडी ने स्पष्ट रूप से कहां कि प्रतिदिन योजना के प्रगति की समीक्षा की जाए। क्षेत्रीय अभियंता प्रतिदिन फील्ड में रहेंगे। ताकि किसी भी उपभोक्ता को आवेदन, पंजीकरण या बिल संशोधन में दिक्कत न हो।
इसके अलावा वाराणसी जोन (प्रथम) के मुख्य अभियंता राकेश पांडेय, जोन (द्वितीय) के चीफ अनिल वर्मा और विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता राम अवतार ने भी अपने-अपने स्तर से समीक्षा की। मुख्य अभियंता राकेश पांडेय ने बताया कि तीन चरणों की यह योजना है। प्रथम चरण एक दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक, द्वितीय चरण एक जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक एवं तृतीय चरण एक फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक लागू रहेगी। पंजीकरण के बाद एक मुश्त भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को 31 मार्च 2025 या इससे पूर्व के विलम्बित अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही प्रथम चरण में 30 दिवस में पूर्ण भुगतान करने पर मूल बकाये में 25 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जायेगी। इसी प्रकार एक मुश्त भुगतान का विकल्प चुनने वाले उपभोक्ताओं को द्वितीय एवं तृतीय चरण में 20 प्रतिशत एवं 15 प्रतिशत की छूट मूल बकाये में दी जायेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




