नावों पर क्षमता से अधिक लोग न बैठने पाएं: रवींद्र जायसवाल
स्टांप व न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने कमिश्नरी सभागार में देवदीपावली महोत्सव की तैयारी बैठक की। उन्होंने...

वाराणसी, मुख्य संवाददाता। स्टांप व न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने कमिश्नरी सभागार में देवदीपावली महोत्सव की तैयारी बैठक की। उन्होंने चेताया कि नावों पर क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाई जाए। ओवरलोडिंग करने वालों पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे। वाहनों को घाट से पांच सौ मीटर पहले ही रोका जाए। घाट और घाट जाने वाले मार्गों पर वालंटियर्स की ड्यूटी लगाएं जो सीटी बजाकर ट्रैफिक कंट्रोल करें।
मंडलायुक्त व प्रभारी जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने कहा कि सभी विभाग कर्मठ कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपें, जो महोत्सव समितियों की मदद करके आयोजन को भव्य बनाएं। विभागीय अधिकारी समितियों के साथ समन्वय बनाते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। सफाई व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, यातायात, अग्निशमन, चिकित्सा, परिवहन, पर्यटन व पुलिस विभाग से सम्बन्धित तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि 7 नवम्बर को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है, जिससे महोत्सव में अधिक से अधिक लोग भाग ले सकें। बैठक में सदस्यों की ओर से वीआईपी आगमन की जानकारी पर राज्यमंत्री ने कहा कि इसकी सूचना समय पर मीडिया में दी जाएगी। इस मौके पर केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के अध्यक्ष वागीशदत्त शास्त्री, महासमिति के उपाध्यक्ष गंगाधर उपाध्याय, वीडीए उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल, उप निदेशक पर्यटन विभाग प्रीति श्रीवास्तव, आलोक पारिख, प्रणव मिश्रा, गुप्तेश्वर चौधरी, महेश तिवारी, राजू कनौजिया, लक्ष्मण सिंह, रविन्द्र पांडेय, अनंत दीक्षित, हनुमान यादव, संकठा प्रसाद रहे।
गलियों में भीड़ नियंत्रित करे पुलिस
मंडलायुक्त ने गलियों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया। महोत्सव के बाद घाटों की गंदगी को साफ करने में जनसहयोग से भी अपील की। सामग्री इधर-उधर फेंकने से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा। एक दिन पहले 6 नवम्बर की सुबह 7 से 8 बजे तक घाटों पर नदी को साफ करने के लिए बड़ा अभियान चलाया जाएगा। इसमें नगरवासी जरूर शामिल हों। बताया कि विश्वनाथ मंदिर की दीवारों पर लाइट एंड साउंड का कार्यक्रम होगा। जो 15-15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा। सभी घाटों पर एक साथ दीप जलेगा।
