Varanasi News: अयोध्या के राजमहल में पड़े चारों बहुओं के पांव
Varanasi News: रामनगर में आज समूची अयोध्या एकत्रित हुई जहाँ चार बहुओं के पांव पड़े। राम और सीता का मिलन दैवीय प्रेरणा से हुआ। राजा जनक ने विदाई की रस्म निभाई और बारात अयोध्या पहुंची। राजा दशरथ ने रानियों को नसीहत दी और मुनि विश्वामित्र को विदा किया।

Varanasi News: रामनगर, संवाददाता। आज तो समूची अयोध्या इतरा रही थी। क्यों न इतराती आखिर एक साथ राजमहल में चार बहुओं के पांव जो पड़े थे। उसमें में एक जनकनंदिनी सीता थीं जिनका श्रीराम के साथ मिलन ही दैवीय प्रेरणा से हुआ। राजा जनक को पुत्री विदा करने का स्वाभाविक दुःख था लेकिन एक संतोष भी था कि सीता जिसकी अर्धांगिनी बनी है वह असाधारण हैं। रामनगर की रामलीला के सातवें दिन गुरुवार को उक्त प्रसंग सजीव हुए।
राजा जनक की विदाई की रस्म
अयोध्या के द्वार पर पालकी में बैठे श्रीसीताराम की दिव्य झांकी लोगों को सम्मोहित कर गई। इससे पूर्व राजा जनक ने विदाई से पहले के लोकाचार निभाए। राजा दशरथ को जेवनार के लिए बुलाया गया। जनकपुर की स्त्रियां परंपरानुसार गारी गाने लगीं। बारात विदाई के दौरान राजा जनक, सुनयना और श्रीराम जानकी के मार्मिक संवाद लीलानेमियों की आंखें भिंगो गए।
बारात का अयोध्या पहुंचना
बारात अयोध्या पहुंची तो द्वार पर ही पालकी की अप्रतिम झांकी हुई। माताओं ने परछन किया। राजकुमारों और बहुओं को सिंहासन पर बैठाया गया। राजा दशरथ ने रानियों को बहुओं को पलकों पर बिठा कर रखने की नसीहत दी। फिर शयन की झांकी हुई। सदैव कृपा बनाए रखने का अनुरोध करते हुए राजा दशरथ मुनि विश्वामित्र को विदा करते हैं। यहीं पर आठों स्वरूपों की आरती के बाद लीला को विश्राम दिया गया। इसी के साथ बालकांड के प्रसंगों की पूर्णाहुति हुई।

