ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीमन की बात में बनारस के खिलौना उद्योग की चर्चा, पीएम मोदी ने कहा-इसकी समृद्धि आवश्यक

मन की बात में बनारस के खिलौना उद्योग की चर्चा, पीएम मोदी ने कहा-इसकी समृद्धि आवश्यक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में खेल एवं खिलौने को बढ़ावा दिए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों के सुनहरे भविष्य तय होंगे और आत्म निर्भर भारत की दिशा में...

मन की बात में बनारस के खिलौना उद्योग की चर्चा, पीएम मोदी ने कहा-इसकी समृद्धि आवश्यक
वाराणसी प्रमुख संवाददाताSun, 30 Aug 2020 01:21 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में खेल एवं खिलौने को बढ़ावा दिए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों के सुनहरे भविष्य तय होंगे और आत्म निर्भर भारत की दिशा में गंभीर कदम होंगे। बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए परंपरागत भारतीय खिलौनों का अहम रोल है। वाराणसी के खिलौना उद्योग की चर्चा करते हुए कहा कि इस क्षेत्र की समृद्धि आवश्यक है। बनारस में नदेसर समेत कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से पीएम मोदी के मन की बात सुनी और खिलौना उद्योग को उबारने के लिए दिये गए जोर की सराहना की।  

पीएम ने कहा कि पूरी दुनिया में सात लाख करोड़ का खिलौना व्यापार है, किन्तु इसमें भारत का हिस्सा बहुत कम है। इस क्षेत्र में गंभीरता से सोचने की आवश्यकता है। जिस राष्ट्र के पास इतनी विरासत हो, परम्परा हो, विविधता हो, युवा आबादी हो, क्या खिलौनों के बाजार में उसकी हिस्सेदारी इतनी कम होनी चाहिए? खिलौना उद्योग बहुत व्यापक है। गृह उद्योग हो, छोटे और लघु उद्योग हो, एमएसएमई हों, इसके साथ-साथ बड़े उद्योग और निजी उद्यमी भी इसके दायरे में आते हैं। इसे आगे बढ़ाने के लिए देश को मिलकर मेहनत करनी होगी। 

पीएम मोदी ने कहा कि खिलौनों के साथ हम दो चीजें कर सकते हैं। अपने गौरवशाली अतीत को अपने जीवन में फिर से उतार सकते हैं और अपने स्वर्णिम भविष्य को भी संवार सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप के मित्र और नए उद्यमी मिलकर खिलौने बनाएं। अब सभी के लिये लोकल खिलौनों के लिये वोकल होने का समय है। हम अपने युवाओं के लिये कुछ नए प्रकार के और अच्छी क्वालिटी वाले खिलौने बनाएं। खिलौना ऐसा हो जिसकी मौजूदगी में बचपन खिले भी, खिलखिलाए भी। हम ऐसे खिलौने बनाएं जो पर्यावरण के भी अनुकूल हों।

आकांक्षाओं को उड़ान देते हैं खिलौने

पीएम मोदी ने कहा कि खिलौने जहां एक्टिविटी को बढ़ाने वाले होते हैं वहीं, हमारी आकांक्षाओं को भी उड़ान देते हैं। खिलौने केवल मन ही नहीं बहलाते बल्कि खिलौने मन बनाते भी हैं और मकसद गढ़ते भी हैं। खिलौनों के सम्बन्ध में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर ने कहा था कि बेस्ट ट्वाय वो होता हैं जो इनकंपलीट हो। ऐसा खिलौना जो अधूरा हो और बच्चे मिलकर खेल-खेल में उसे पूरा करें। गुरुदेव टैगोर ने कहा था कि जब वो छोटे थे तो खुद की कल्पना से घर में मिलने वाले सामानों से ही अपने दोस्तों के साथ अपने खिलौने और खेल बनाया करते थे। लेकिन एक दिन बचपन के उन मौज-मस्ती भरे पलों में बड़ों का दखल हो गया। हुआ ये था कि उनका एक साथी एक बड़ा और सुंदर सा विदेशी खिलौना लेकर आ गया। खिलौने को लेकर इतराते हुए अब सब साथी का ध्यान खेल से ज्यादा खिलौने पर रह गया। हर किसी के आकर्षण का केंद्र खेल नहीं रहा, अब खिलौना बन गया। जो बच्चा कल तक सबके साथ खेलता था, सबके साथ रहता था, घुलमिल जाता था, खेल में डूब जाता था, वो अब दूर रहने लगा। 

पीएम ने कहा कि महंगे खिलौने में सीखने के लिये कुछ नहीं था। एक आकर्षक खिलौने ने एक उत्कृष्ठ बच्चे को कहीं दबा दिया। इस खिलौने ने उस बच्चे की क्रिएटीव स्प्रीट को बढ़ने और संवरने से रोक दिया। खिलौना तो आ गया पर खेल ख़त्म हो गया और बच्चे का खिलना भी खो गया। 

पीएम ने कहा कि बच्चों के जीवन के अलग-अलग पहलू पर खिलौनों का जो प्रभाव है, इस पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी बहुत ध्यान दिया गया है। खेल-खेल में सीखना, खिलौने बनाना सीखना, खिलौने जहां बनते हैं वहाँ की विजिट करना, इन सबको कैरिकूलम का हिस्सा बनाया गया है। पीएम ने अन्य प्रेरणादायी बातों के साथ पुन: दोहराया कि कोरोना से जंग जीतने के लिए मास्क व दो गज की दूरी आवश्यक है।

पीएम मोदी की काशी में कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से मन की बात सुनी। मिंट हाउस पर मन की बात कार्यक्रम में मुख्य रुप से भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, सतीश पांडेय, सिद्दनाथ शर्मा, सुशील गुप्ता, एसके सिंह, महेन्द्र यादव, सत्यनारायण यादव, अशोक विश्वकर्मा, विवेक सोनू, रजनीश कन्नौजिया, रवीन्द्र गिरी, गणपति यादव, मनोज राय आदि शामिल हुए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें