जून के अंतिम हफ्ते से दालमंडी में बनेगी सड़क
वाराणसी में दालमंडी में सड़क निर्माण जून के अंतिम हफ्ते से शुरू होगा। डीएम सत्येंद्र कुमार के अनुसार, 65 फीसदी भवनों की रजिस्ट्री हो चुकी है। ध्वस्तीकरण अभियान भी शुरू होगा। बकरीद के बाद रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण में तेजी आएगी।

वाराणसी, विशेष संवाददाता। जून के अंतिम हफ्ते से दालमंडी में सड़क निर्माण शुरू हो जाएगा। जिला प्रशासन की मानें तो अब तक करीब 65 फीसदी भवनों की रजिस्ट्री हो चुकी है। जून के मध्य तक बाकी काम पूरा हो जाएगा। इस संबंध में डीएम सत्येंद्र कुमार ने शासन को रिपोर्ट भेज दी है। डीएम ने बताया कि दालमंडी में 186 में 86 भवन खरीदे जा चुके हैं। छह ट्रस्ट और सात वक्फ की संपत्तियों पर वार्ता जारी है। उन्होंने दावा किया है कि एकाध हफ्ते में 150 से ज्यादा भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो जाएगी। बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर जर्जर भवन तोड़ने के लिए संयुक्त कमेटी गठित की गई है। कमेटी की मौजूदगी में सोमवार से ध्वस्तीकरण शुरू होगा。
ध्वस्तीकरण अभियान
डीएम ने कहा कि दालमंडी में डेढ़ सौ से ज्यादा भवनों की रजिस्ट्री होने के बाद शेष मकान अधिग्रहित किए जाएंगे। ट्रस्ट और वक्फ की जमीन/संपत्ति सहमति के आधार पर क्रय की जाएगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो उन्हें भूमि अधिग्रहण एक्ट के जरिए अधिग्रहित किया जाएगा। बताया कि एक-एक इंच जमीन के पारदर्शी मूल्यांकन के बाद भुगतान किया जा रहा है। विवादित मामलों का निपटारा होने के बाद ही खरीद-फरोख्त हो रही है। उन्होंने बताया कि बकरीद पर्व की वजह से दालमंडी में ध्वस्तीकरण बंद था। त्योहार बीतने के बाद रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण में तेजी आएगी।
ध्वस्तीकरण अभियान आज से
वाराणसी। दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण के लिए एक बार फिर शनिवार से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रजिस्ट्री कराए गए भवन तोड़े जाएंगे। पीडब्ल्यूडी (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि शनिवार और रविवार को रजिस्ट्री कराए गए लगभग दर्जन भर भवन तोड़े जाएंगे, जबकि एक जून को वीडीए से अवैध घोषित भवनों का ध्वस्तीकरण किया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


