Varanasi News: बारिश में कीचड़ और पानी भरे रास्ते से स्कूल जाते हैं बच्चे
Varanasi News: बड़ागांव के गजापुर स्थित दलित बस्ती आज भी सड़क की सुविधाओं से वंचित है। बच्चे कीचड़ भरे रास्तों से स्कूल जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी नाली पर कब्जे के कारण बस्ती तक रास्ता नहीं बन पा रहा है। सड़क बनने से आवागमन की समस्या दूर हो सकती है।

Varanasi News: बड़ागांव। क्षेत्र के गजापुर स्थित दलित बस्ती आज भी सड़क की सुविधा से वंचित है। बारिश के दिनों में स्कूली बच्चों को कीचड़ और पानी से भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। बरसात में यह रास्ता दलदल बन जाता है, फिर भी बच्चे उसी कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर हैं। बच्चों के कीचड़ से होकर स्कूल जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दलित बस्ती की स्थिति
ग्रामीणों के मुताबिक बस्ती तक पहुंचने के लिए कोई सुगम सरकारी चकरोड नहीं है। बरसात के दिनों में रास्ते पर पानी और कीचड़ भरने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
सरकारी नाली पर कब्जे का आरोप
ग्राम प्रधान पति संतोष सिंह ने बताया कि दलित बस्ती के मौजे तक पहुंचने के लिए कहीं से भी सरकारी चकरोड उपलब्ध नहीं है। बस्ती तक जाने के लिए सरकारी नाली है, जिस पर बस्ती के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है, जिसके कारण चकरोड का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
आदेश मिलने पर हटेगा अतिक्रमण
संतोष सिंह ने बताया कि बस्ती तक रास्ता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों से आदेश मिलने पर सरकारी नाली से अतिक्रमण हटवाकर उसी मार्ग से बस्ती तक रास्ते का निर्माण कराया जा सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का स्थलीय निरीक्षण कराकर सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने और बस्ती तक स्थायी सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से बच्चों समेत पूरी बस्ती को बरसात में आवागमन की समस्या से राहत मिल सकेगी।


