
एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी में नूह से गिरफ्तार
Varanasi News - साइबर पुलिस ने हरियाणा के नूह जिले से एक शातिर को गिरफ्तार किया है जो साइबर ठगी में शामिल था। वह अपने गिरोह के जरिए ठगी के पैसे को प्री-पेड फ्यूल कार्ड में क्रेडिट करता था। आरोपी ने 6 लाख रुपये की ठगी की और ट्रक चालकों को कमीशन पर ईंधन दिलवाने का काम करता था।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर पुलिस ने एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी के आरोप में एक शातिर को हरियाणा के नूह जिले से गिरफ्तार किया है। वह अपने गिरोह की मदद से साइबर ठगी के रुपये प्री-पेड फ्यूल कार्ड में क्रेडिट करता था। ट्रक चालकों को कमीशन के जरिये आधार पर पेट्रोल पंपों से ईंधन दिलवाकर कैश लेता था। गिरफ्तार आरोपी नूह के पुन्हाना थाना क्षेत्र के निमखेड़ा खोरी निवासी शोएब है। उसके पास से चार मोबाइल, 40 हजार नगद बरामद किया गया है। एसीपी साइबर अपराध विदुष सक्सेना ने बताया कि आरोपी ने गिरोह के साथ मिलकर बरेका के निकट राज रेजिडेंसी निवासी सुशील कुमार राय से 6 लाख 4 हजार 703 रुपये की ठगी की थी।

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस पा लेते थे। उनके खाते से फ्रॉड के पैसे को साइबर अपराधी विभिन्न लोगों के नाम से फर्जी तरीके से जारी कराए गए प्री-पेड फ्यूल कार्ड (हिन्दुस्तान पेट्रोलियम का एचपी डीटी प्लस डिजिटल कार्ड) में पैसे जमा कराते हैं। इसके बाद इन कार्डों को परिचित ट्रक चालकों से कमीशन पर इस्तेमाल कराते हैं। पेट्रोल पंपों पर डीजल लेने के लिए ट्रक चालक इसी कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। बदले में अपना कमीशन काटकर नगदी साइबर ठगों को देते थे। गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा, उप निरीक्षक संजीव कन्नौजिया, शैलेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक गौरव तोमर, हेड कांस्टेबल रजनीकान्त, गोपाल चौहान, कांस्टेबल पृथ्वीराज सिंह, सूर्यभान सिंह आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


