
कामायनी की ओर से प्रत्येक माह अब बतरस का आयोजन
Varanasi News - वाराणसी में कामायनी संस्था द्वारा हर महीने 'बतरस' नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम हर महीने के दूसरे रविवार को शाम 6:00 से 7:30 बजे तक होगा। इसमें कविता, कहानी, नृत्य, संगीत आदि प्रस्तुत किए जाएंगे। इसका शुभारंभ 14 नवंबर 'बाल दिवस' से होगा।
वाराणसी। सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था कामायनी वाराणसी द्वारा प्रतिमाह आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा में आंशिक संशोधन करते हुए इसे बतरस शीर्षक से प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को सायं 6.00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। बतरस के अंतर्गत किसी एक निश्चित विषय के संदर्भ में कविता, कहानी, लेख, लघुनाट्य, प्रहसन, गीत, संगीत, नृत्य इत्यादि की प्रस्तुतियां की जाएंगी। इसका उद्देश्य यह है कि विविध सांस्कृतिक विधाओं की एकरसता के स्थान पर भिन्न माध्यमों से बातों का रसास्वादन किया जा सके। इसका शुभारंभ आगामी 14 नवंबर 'बाल दिवस' से होगा, जिसका संदर्भ 'बाल दिवस' ही निर्धारित किया गया है।
अगले माह के लिए 'वंदे मातरम्' के संदर्भ में प्रस्तुतियां की जाएंगी। इसी प्रकार भविष्य में मोबाइल फोन का उपयोग, अनुशासन, नागरिक कर्तव्य, प्रदूषण, यातायात नियम, धार्मिक एवं पौराणिक मान्यताएं, साहित्य, संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान, खेल, समाज, स्वास्थ्य, पत्रकारिता, सोशल मीडिया, सिनेमा आदि-इत्यादि विषयों पर बतरस का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय गत दिनों संस्था की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. दीपक कुमार ने, विषय प्रस्तावना वीणा सहाय ने तथा संचालन अमलेश श्रीवास्तव ने किया। बैठक में श्रावन्ती मुखर्जी, अमन श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, गुंजन शुक्ला, भास्कर मिश्र, मानसी रावत, सुमित ठाकुर, प्रतीक पाटिल, हर्षित कुमार, विशेष खरवार एवं भाविनी सिंह उपस्थिति रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




