भारत संस्कृति यात्रा में होगा मानिंद कलाकारों का जुटान
Varanasi News - वाराणसी में 7 और 8 फरवरी को भारतीय संस्कृति यात्रा का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी, जिसमें बांसुरी वादक पं.रोनू मजूमदार, वायलिन आचार्य पं.मैसूर मंजूनाथ और गायिका चित्रा चौरसिया शामिल हैं। यह आयोजन कबीरचौरा स्थित मुरारीलाल मेहता प्रेक्षागृह में शाम 6:30 बजे होगा और इसमें कोई शुल्क नहीं होगा।
वाराणसी, मुख्य संवाददाता। भारत संस्कृति यात्रा के दो दिवसीय आयोजन में देश के मानिंद कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन नागरी नाटक मंडली एवं कोलकाता की हिंदुस्थान आर्ट ऐंड म्यूज़िक सोसाइटी के सहयोग से 7 एवं 8 फरवरी को मंडली के कबीरचौरा स्थित मुरारीलाल मेहता प्रेक्षागृह में शाम 6:30 बजे आरंभ होगा। इसमें प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं है। यह जानकारी नागरी नाटक मंडली न्यास के अध्यक्ष डॉ.संजय मेहता, सचिव डॉ.अजीत सैगल एवं न्यासी डॉ.रतिशंकर त्रिपाठी और डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी ने शुक्रवार को आयोजन स्थल पर पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि बांसुरी वादक पद्मश्री पं.रोनू मजूमदार, वायलिन के विख्यात आचार्य पं.मैसूर मंजूनाथ, विशिष्ट गायक पं.देवाशीष डे एवं डॉ.रागिनी सरना, प्रख्यात गायिका चित्रा चौरसिया, पं.अर्नव भट्टाचार्य, पं.प्रोसेनजीत पोद्दार, पं.ललित कुमार और पं.प्रभाकर दयाल प्रस्तुतियों से मंच को अलंकृत करेंगे।
इसके अतिरिक्त, दो उदीयमान युवा प्रतिभाएं सुरेला नस्कर एवं अनन्या दत्ता भी प्रस्तुति देगी। हिंदुस्थान आर्ट ऐंड म्यूज़िक सोसाइटी भारतीय सेना के छावनी क्षेत्रों में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती है। सोसाइटी भारत के 18 राज्यों के 25 शहरों तथा विश्व के 5 देशों में प्रतिवर्ष लगभग 40 सांस्कृतिक आयोजन कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


