Varanasi News: गर्भगृह में ही जलाभिषेक करने पर अड़े यादव बंधु
Varanasi News: वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर में कोरोना काल की व्यवस्था पर सवाल उठाने के लिए चंद्रवंशी गोप समिति के पदाधिकारियों ने अधिकारियों से मुलाकात की। गर्भगृह में जलाभिषेक की इजाजत पर चर्चा हुई, लेकिन अधिकारियों ने कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। समिति ने पुरानी व्यवस्था को बहाल करने की मांग की।
Varanasi News: वाराणसी। कोरोना कब का समाप्त हो चुका है, फिर विश्वनाथ मंदिर प्रशासन कोरोना काल की व्यवस्था का अनुपालन कराने पर क्यों अड़ा है। हमें गर्भगृह में जाकरअभिषेक की इजाजत क्यों नहीं दी जा रही? बुधवार को चंद्रवंशी गोप समिति के पदाधिकारियों के इन प्रश्नों का उत्तर विश्वनाथ मंदिर, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी नहीं दे सके। समिति के पदाधिकारी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी काशी विश्वनाथ मंदिर के वार्ता कक्ष में हुई बैठक में सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के मुद्दे पर चर्चा कर रहे थे। काशी के यदुवंशी सावन के पहले सोमवार पर बाबा का परंपरानुसार जलाभिषेक करना चाहते हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि कोरोना से पूर्व तक चार घंटे का समय यदुवंशियों के लिए आरक्षित रहता था। सभी यदुवंशी गर्भगृह में जाकर जलाभिषेक करते थे। इस वर्ष से पुरानी व्यवस्था पुन: लागू की जाए।
बैठक के दौरान चर्चा
पदाधिकारियों ने कहा कि जब-जब मंदिर प्रशासन ने सहयोग मांगा है, हर बार यदुवंशी समाज ने सहयोग किया है। ललिता घाट पर निर्माण के कारण जब यात्रा का मार्ग बदला गया, तब भी समिति ने विश्वनाथ मंदिर और जिला प्रशासन का सहयोग किया। अब जैसे ललिता घाट का मार्ग पूर्व की भांति खुल चुका है, तो गर्भगृह में अभिषेक की परंपरा भी बहाल की जाए। तीन अगस्त को प्रातः 7:30 बजे केदारघाट से निकाली जाने वाली जलाभिषेक यात्रा के मार्गों की मरम्मत के साथ ही सफाई भी कराने का अनुरोध अधिकारियों से किया गया। अधिकारियों ने सभी मांगों पर सहमति जताई लेकिन गर्भगृह में अभिषेक के मुद्दे पर कोई आश्वासन नहीं दे सके।
बैठक में शामिल लोग
बैठक में विश्वनाथ मंदिर के मंदिर के अधिकारी, एसडीएम शंभु शरण, समिति के अध्यक्ष लालजी चंद्रवंशी, शालिनी यादव, पारसनाथ यादव, राजू यादव, अजय यादव, मनोज यादव, दुर्गा यादव, प्रभाकर यादव, विष्णु यादव, आशीष यादव, अभिषेक यादव, मनीष यादव शामिल रहे।


