Varanasi News: गंगा में उफान धीमा पड़ा, बाढ़ राहत शिविर अलर्ट मोड में

हिन्दुस्तान, वाराणसी
share

Varanasi News: वाराणसी में गंगा का जलस्तर 67.22 मीटर पहुँच गया है, जिसकी वृद्धि जारी है। प्रशासन ने बाढ़ राहत शिविरों को अलर्ट किया है और बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। चिरईगांव के कुछ गांवों में भूमि कटान की चिंता है। कंट्रोल रूम से जलस्तर की निगरानी की जा रही है।

Varanasi News: गंगा में उफान धीमा पड़ा, बाढ़ राहत शिविर अलर्ट मोड में

Varanasi News: वाराणसी, विशेष संवाददाता। गंगा में उफान की रफ्तार मंगलवार को धीमी हुई लेकिन जलस्तर में 4 सेंमी प्रति घंटा की दर से वृद्धि जारी है। प्रयागराज में जलस्तर स्थिर होने से अगले 36 घंटे बाद बनारस में भी गंगा स्थिर हो सकती हैं बशर्ते तेज बारिश न हो और पड़ोसी राज्यों की नदियों का गंगा-यमुना में अतिरिक्त पानी न आए। केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार रात 8 बजे गंगा का जलस्तर 67.22 मीटर पर पहुंच गया था। यह चेतावनी बिंदु से करीब साढ़े तीन जबकि खतरे के निशान से चार मीटर नीचे था। फिलहाल, जलस्तर में लगातार वृद्धि के चलते गंगा घाटों की सीढ़ियों के जलमग्न होने का क्रम जारी है तो वरुणा के तटवर्ती इलाकों के बाशिंदों में तनाव बढ़ चला है। वहीं, चिरईगांव के ढाब क्षेत्र में गंगा ने कटान शुरू कर दिया है। गंगा का रौद्र रूप शांत नहीं हुआ तो बुधवार रात या गुरुवार सुबह तक ढाब के आधा दर्जन गांवों में सब्जी की व्यापक फसलें पानी में डूब जाएंगी। इस इलाके में दूध उत्पादन भी प्रभावित होगा। वहीं, बाढ़ के आसन्न संकट को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ राहत के लिए बने 46 शिविरों को अलर्ट कर दिया है। कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी खुल गया है。

गंगा के रूख में बदलाव न होता देख प्रशासन ने सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है

जलपुलिस, एनडीआरएफ समेत प्रशासनिक अधिकारी गंगा घाटों, तटवर्ती इलाकों एवं बाढ़ से प्रभावित होने वाले पारंपरिक क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। नमो घाट पर सुरक्षा की दृष्टि से दैनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘काशी वंदन’ अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है।

उपजाऊ भूमि के कटान से बढ़ी चिंता

चिरईगांव। ढाब क्षेत्र के सोता में तेज बहाव के साथ पानी बढ़ने लगा है। हालांकि सोता की तलहटी में लगी सब्जियों को अभी कोई नुकसान नहीं है लेकिन रामचन्दीपुर, रेता पार, गोबरहां, रामपुर, मोकलपुर आदि गांवों में दोनों ओर उपजाऊ भूमि का तेजी से कटान शुरू हो गया है। मोकलपुर के किसान हरे राम सिंह, इन्द्रजीत सिंह, सुभाष यादव, तहसीलदार सिंह, कन्हैया, गोबरहां के अश्विनी सिंह, लालजी यादव, बंगडू यादव ने बताया कि पिछले कई सालों से किसानों के खेती की उपजाऊ जमीन और बाग कट कर सोता में विलीन हो रहे हैं।

राहत एवं बचाव को प्रशासन मुस्तैद

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. सदानंद गुप्ता ने बताया कि बाढ़ की स्थिति में ‘जीरो टाइम रिस्पांस’ के लक्ष्य के साथ सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे। 46 बाढ़ राहत शिविरों में 37 तहसील सदर, 6 राजातालाब और 3 पिंडरा तहसील में बने हैं। इन शिविरों की अनुमानित क्षमता 7,392 लोगों की है। इनके अतिरिक्त तहसील सदर में 15 अस्थायी राहत शिविर भी तैयार हैं। यहां अनुमानित क्षमता 3785 लोगों की है। बताया कि नाविकों को 33,300 लाइफ जैकेट वितरित किए जा चुके हैं। बाढ़ से बचाव और राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ, पीएसी, जल पुलिस के साथ जरूरत पड़ने थल और वायु सेना की सहायता भी लेने की व्यवस्था की गई है। सभी बाढ़ राहत शिविरों की जियो टैगिंग है। एडीएम ने मंगलवार को सलारपुर क्षेत्र में स्थिति का जायजा लिया।

21 बाढ़ चौकियां, इनमें सात पर वायरलेस

बाढ़ की निगरानी और राहत-बचाव कार्यों के लिए जिले में 21 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। इनमें सात वायरलेस चौकियां शामिल हैं। जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की भी पहचान की है। जिले में 195 गांव और मोहल्ले बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित हैं। इनमें सदर तहसील के 150, राजातालाब के 24 और पिंडरा तहसील के 21 गांव एवं मोहल्ले हैं।

कंट्रोल रूम से हर दो घंटे पर जानकारी

बाढ़ की स्थिति पर निगरानी के लिए प्रशासन ने कलक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। यहां से प्रत्येक दो घंटे पर जलस्तर की जानकारी ली जा रही है। कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0542-2508550, 0542-2504170, 1077 तथा मोबाइल नंबर 9140037137 पर आमजन भी संपर्क कर सकते हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦गंगा का जलस्तर मंगलवार को कितना था?−
गंगा का जलस्तर मंगलवार रात 8 बजे 67.22 मीटर पर पहुंच गया था।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsवाराणसीVaranasi News: गंगा में उफान धीमा पड़ा, बाढ़ राहत शिविर अलर्ट मोड में