मेडिकल कॉलेज में 19 विभाग खुलेंगे, 81 डॉक्टर होंगे नियुक्त
Varanasi News - वाराणसी के पांडेयपुर स्थित मानसिक और जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेज हुआ है। इसमें 19 विभाग और 81 डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। अस्पताल में सीएमएस ऑफिस और प्रशासनिक भवन को हफ्तेभर में शिफ्ट किया जाएगा। निर्माण कार्य 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददादता। पांडेयपुर स्थित मानसिक और जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेज हो गया है। जिला अस्पताल में 198 शैय्या बढ़ाने का काम भी शुरू है। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. आरबी कमल ने शनिवार को समीक्षा बैठक की। कहा कि नए मेडिकल कॉलेज में 19 विभाग खुलेंगे। इसमें 81 डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। जिला अस्पताल में सीएमएस ऑफिस, प्रशासनिक भवन, सेमिनार हॉल, पर्ची काउंटर, जनौषधि केंद्र, शक्ति रसोई और मॉर्चरी को स्थानांतरित किया जाएगा। अधिकारियों ने बैठक में फैसला किया कि इन्हें हफ्तेभर में शिफ्ट किया जाएगा। मौजूदा भवन को जल्द खाली कर वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो।
प्राथमिक योजना के तहत भवन के पश्चिमी हिस्से में स्थित मजार की दिशा में पर्ची काउंटर और दवा वितरण केंद्र को अस्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा। सीएमएस कार्यालय और प्रशासनिक इकाइयों को भी इसी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की तैयारी है।मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरबी कमल ने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से काम चल रहा है। लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक मानसिक अस्पताल के पास बन रहा मेडिकल कॉलेज पूरी तरह तैयार हो जाए। नए कॉलेज में 150 एमबीबीएस छात्रों के प्रवेश की व्यवस्था होगी, जिनके लिए 81 डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही, अस्पताल में 19 विभाग संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी और सभी व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित की जाएंगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


