
मणिकर्णिका: कांग्रेसियों ने गंगा स्नान कर लिया धरोहरों की रक्षा का संकल्प
Varanasi News - वाराणसी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माघ मास पर अहिल्याबाई घाट पर गंगा स्नान कर काशी की धरोहरों की रक्षा का संकल्प लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि काशी की संस्कृति और विरासत की सुरक्षा सभी का दायित्व है। सभी ने माता अहिल्याबाई होल्कर के द्वारा बनाए गए मंदिरों की रक्षा का संकल्प लिया।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। माघ मास पर सोमवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अहिल्याबाई घाट पर गंगा स्नान कर काशी की धरोहरों की रक्षा का संकल्प लिया। पंचांग के अनुसार माघ मास शुक्ल पक्ष प्रतिपदा, सोमवार का दिन एवं सिद्धि योग का शुभ संयोग होने से यह दिन स्नान-दान एवं पुण्य कर्म के लिए विशेष फलदायी माना गया। गंगा स्नान कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काशी की आस्था, अस्मिता, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि माघ मास में गंगा स्नान आत्मशुद्धि, संयम और लोककल्याण की भावना से जुड़ा है।
काशी सनातन सभ्यता की आत्मा है और इसकी आस्था, संस्कृति तथा विरासत की रक्षा हम सभी का दायित्व है। आज जिस प्रकार काशी की ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन मंदिरों और सांस्कृतिक प्रतीकों को लेकर प्रश्न खड़े हो रहे हैं, ऐसे में समाज को एकजुट होकर अपनी विरासत के संरक्षण के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर ने काशी सहित देशभर में मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों के निर्माण और संरक्षण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने सनातन संस्कृति को संरक्षित करने का जो कार्य किया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा है। गंगा स्नान कर सभी ने संकल्प लिया कि उनके द्वारा निर्मित मंदिरों एवं सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। इस मौके पर मनीष मोरोलिया, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अहमद, चंचल शर्मा, प्रमोद वर्मा, हसन मेहंदी कब्बन, नरसिंह दास, यासीन राईन, आकाश मल्होत्रा, धीरज सोनकर, किशन यादव, अरविंद सेठ, अनिल पटेल, सुरेन्द्र कन्नौजिया, रामजी गुप्ता, विकास पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




