Varanasi News: ऋषि पंचमी पर पं. कमलापति त्रिपाठी का स्मरण
Varanasi News: गवर्मेंट संस्कृत कॉलेज को संस्कृत विश्वविद्यालय का स्वरूप दिलाने में महती भूमिका निभाने वाले पं. कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती मंगलवार, ऋषि पंचमी प

Varanasi News: वाराणसी। गवर्मेंट संस्कृत कॉलेज को संस्कृत विश्वविद्यालय का स्वरूप दिलाने में महती भूमिका निभाने वाले पं. कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती मंगलवार, ऋषि पंचमी पर श्रद्धा के साथ मनाई गई। योग साधना केन्द्र में आयोजित समारोह में उनकी राष्ट्रसेवा, संस्कृत-संरक्षण, शिक्षा, संस्कृति और लोकमंगल से जुड़े कृतित्वों का स्मरण किया गया। उनकी सांस्कृतिक दृष्टि को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि पं. कमलापति त्रिपाठी का जीवन राष्ट्र, समाज, शिक्षा और संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रेरक अध्याय है। वह एक राजनेता ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी राष्ट्रनिर्माता, विचारशील लेखक, पत्रकार और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के सजग प्रहरी भी थे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. बिहारीलाल शर्मा ने कहा कि पं. कमलापति ने आधुनिक युग में भी ऋषि-परम्परा के अनुरूप साधना, त्याग, तपश्चर्या, चिंतन और लोकमंगल को अपने जीवन का आधार बनाया। कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालयों को भारतीय ज्ञान-परम्परा, आधुनिक प्रौद्योगिकी, नवाचार और वैश्विक ज्ञान-संवाद के सेतु के रूप में विकसित करना होगा। यही पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रति सार्थक श्रद्धांजलि होगी। पं. कमलापति की पुण्यस्मृति में पांच पौधों का रोपण भी किया गया। इस दौरान कुलसचिव राकेश कुमार, प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. सुधाकर मिश्र, प्रो. महेन्द्र पाण्डेय, विजय शंकर पाण्डेय, प्रो. विधु द्विवेदी, प्रो. विजय कुमार पाण्डेय, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, डॉ. विजेन्द्र आर्य, डॉ. नितिन आर्य, डॉ. उमापति उपाध्याय सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

