
आज से थमेगा पछुआ का जोर
Varanasi News - वाराणसी में कड़ाके की ठंड से राहत की उम्मीद है, क्योंकि शनिवार से तापमान में नरमी आने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कोहरे का घनत्व कम होगा, लेकिन सुबह और शाम को ठंड बनी रहेगी। कक्षा-8 तक के सभी विद्यालय शनिवार को बंद रहेंगे। श्मशान घाटों पर शवों की संख्या बढ़ी है।
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। पछुआ के तेवर में शनिवार से तापमान में नरमी का अनुमान है, जिससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलेगी। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की रफ्तार कम होगी और कोहरे का घनत्व घट जाएगा, लेकिन ला-नीना के असर से सुबह और शाम को कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पाकिस्तान के उत्तर में पंजाब प्रांत के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो धीरे-धीरे हरियाणा की ओर बढ़ रहा है। जब यह दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा, तब प्रदेश में शनिवार सुबह या दोपहर से इसका असर दिखने लगेगा और तापमान में वृद्धि होगी।
विक्षोभ के गुजरने के बाद 12 जनवरी से एक बार फिर ठंड जोर पकड़ सकती है। इससे पहले शुक्रवार को सुबह कोहरे में कमी दर्ज की गई। सुबह आठ बजे दृश्यता 350 मीटर रही। गलन से लोग बेहाल थे, लेकिन सुबह करीब दस बजे धूप निकलने के साथ ठंड का एहसास कम होने लगा। दिन का तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 18.8 और रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुरुवार को दिन में 11.6 और रात में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान था। पिछले 24 घंटे में दिन में 7.2 और रात में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू-भौतिकी विभाग, बीएचयू के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह और तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया कि आगामी चार दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इस दौरान बनारस सहित आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि वर्षा की संभावना नहीं है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि गेहूं और सरसों की फसल बचाने के लिए शाम के समय हल्की सिंचाई करें और फिलहाल नत्रजन उर्वरक का प्रयोग न करें। आलू की फसल में पाले से बचाव के लिए सिंचाई करें और आवश्यकता अनुसार खेत में धुआं दें। साथ ही झुलसा रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत दवाओं का छिड़काव करें। ----------------------------------- आठवीं तक के स्कूल शनिवार को बंद वाराणसी। कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण जिले के कक्षा-8 तक के सभी विद्यालय शनिवार को बंद रहेंगे। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि यह आदेश सभी बोर्ड के राजकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। बीएसए ने बताया कि जिन विद्यालयों में बूथ बनाए गए हैं और जो शिक्षक-कर्मचारी निर्वाचन कार्य में ड्यूटीरत हैं, वह अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित होंगे। सोमवार को मौसम की स्थिति देखते हुए अवकाश पर फैसला लिया जाएगा। ----------------------------------------------------------------------- श्मशान घाटों पर शवों की संख्या बढ़ी वाराणसी, हिटी। कड़ाके की ठंड का असर अब श्मशान घाटों पर भी दिखाई देने लगा है। एक सप्ताह के दौरान शवों की संख्या में लगभग 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ठंड के कारण ज्यादातर परिजन देर शाम और अलसुबह शवों को लेकर नहीं पहुंच रहे हैं। दो सप्ताह पहले तक मणिकर्णिका घाट पर प्रतिदिन 70-80 शवों का अंतिम संस्कार होता था, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 90-100 पहुंच गई है। घाट अधिकारी राज चौधरी ने कहा कि अभी बहुत ज्यादा वृद्धि नहीं हुई है, लेकिन हाल की ठंड का असर जरूर देखा जा रहा है। इस कारण रात में बहुत कम अंतिम संस्कार हो रहे हैं। रामनगर के कोदोपुर श्मशान घाट पर भी शवों की संख्या बढ़ गई है। आमतौर पर प्रतिदिन दो-तीन शवों का संस्कार होता था, जबकि अब यह संख्या दोगुनी होकर 5-7 हो गई है। शुक्रवार को दोपहर एक बजे तक ही 5 शवों का अंतिम संस्कार हो चुका था। लकड़ी विक्रेता कांता यादव ने बताया कि प्रचंड गर्मी या अत्यधिक ठंड में ही घाट पर संख्या बढ़ती है। अगले माह से श्मशान घाटों पर शुरू होगी गिनती नगर निगम अगले सप्ताह से मणिकर्णिका घाट और हरिश्चंद्र घाट पर शवों की संख्या की गिनती शुरू करेगा। नगर निगम कार्यकारिणी ने पिछले माह इसकी स्वीकृति दी थी। यह प्रस्ताव 19 दिसंबर को होने वाली मिनी सदन की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद लागू किया जाएगा। इसके तहत दोनों घाटों पर नगर निगम कर्मियों को तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी, जो घाटों पर लाए गए शवों की जानकारी रजिस्टर में दर्ज करेंगे। --------------------------------------------------------- रात की राजधानी सुबह पहुंची, छह विमान रहे रद्द वाराणसी/बाबतपुर, हिटी। मौसम साफ रहने से शुक्रवार को परिवहन सेवाएं कुछ हद तक पटरी पर आ गईं। हालांकि गुरुवार देर रात 1.30 बजे कैंट आने वाली डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 8.20 घंटे विलम्ब से शुक्रवार सुबह 9.45 बजे पहुंची। वहीं, बीकानेर-हावड़ा वीकली एक्सप्रेस सर्वाधिक 12.20 घंटे लेट गुजरी। उधर, बाबतपुर एयरपोर्ट पर शाम को आने वाली इंडिगो बेंगलुरु की 6ई 499, मुम्बई की 6ई 6570 और चेन्नई की 6ई 6044 उड़ानें निरस्त रहीं। इससे ये विमान इन महानगरों को वापस भी नहीं जा सके। नई दिल्ली या उस रूट से वाराणसी जंक्शन (कैंट) और बनारस स्टेशनों पर शुक्रवार को आने या गुजरने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 8.20, सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4.30, फरक्का एक्सप्रेस 4, शिवगंगा एक्सप्रेस 3.50 और दोपहर की वंदेभारत 2 घंटे लेट पहुंचीं। वहीं, देहरादून-हावड़ा कुम्भ एक्सप्रेस 4.10 घंटे, जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस 3.45 घंटे समेत पटना-कोटा एक्सप्रेस, ग्वालियर-बनारस बुंदेलखंड योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ सुपरफास्ट, आगरा-बनारस वंदेभारत एक्सप्रेस एक घंटे से 2.30 घंटे तक विलम्ब से आईं। उधर, एयरपोर्ट पर सुबह 8.45 बजे सबसे पहले बुद्धा एयर काठमांडू का विमान उतरा। दिन में आने वाले अकासा बेंगलुरु 1.17 घंटे, एयर इंडिया दिल्ली 1.35 घंटे, इंडिगो खजुराहो एक घंटे और इंडिगो हैदराबाद 1.47 मिनट देर से पहुंचे। इनसेट हैदराबाद से दरभंगा जा रहा विमान डायवर्ट बाबतपुर। दरभंगा एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर जगह खाली नहीं होने पर इंडिगो एयरलाइंस हैदराबाद का विमान 6ई 116 को वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया। हैदराबाद से 166 यात्रियों को लेकर यह विमान दरभंगा जा रहा था। दोपहर 2.37 बजे इस विमान की बाबतपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। लगभग दो घंटे के बाद इस विमान ने वापस दरभंगा के लिये उड़ान भरी। ❖

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




