Hindi NewsUttar-pradesh NewsVaranasi NewsCold Wave Hits Varanasi as Western Disturbance Causes Temperature Drop
गलन की ओर बढ़े ठंड के पांव

गलन की ओर बढ़े ठंड के पांव

संक्षेप:

Varanasi News - वाराणसी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड बढ़ गई है। रात का तापमान चार डिग्री गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी, फिर एक और विक्षोभ सक्रिय होगा। शहर में ठंड का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिख रहा है।

Dec 06, 2025 02:56 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share Share
Follow Us on

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के कारण ठंड बढ़ गई है। दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। रात का तापमान चार डिग्री तक गिर गया है। इसके कारण ठंड अब हल्की गलन के रूप में महसूस की जा रही है। इस सीजन की सबसे सर्द रात गुरुवार को रही। पहली बार तापमान 10 डिग्री के नीचे आया है। यह 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक यह गिरावट जारी रहेगी। इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके कारण फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार सुबह आसमान में हल्का कोहरा छाया था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सुबह करीब सात बजे दृश्यता आठ सौ मीटर दर्ज की गई। वहीं करीब 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा के कारण हल्की ठिठुरन भी महसूस हो रही थी। हालांकि सूरज की किरणों के साथ कोहरा छंट गया। दिन में तेज धूप निकली थी। इसके बाद दिन ढला तो ठंड ने फिर पांव पसार लिए। देर शाम के बाद हल्की गलन का भी अहसास होने लगा था। इसका असर शहर की सड़कों पर भी दिखा। लोगबाग घर पहुंचने की जल्दबाजी में दिखे। जिनकी देर रात तक बाहर रहने की विवशता थी वे खुद को गर्म कपड़ों में खुद को समेटे रहे। सड़क किनारे पटरियों या दुकानों के चबूतरों पर रात गुजारने वाला मजदूर वर्ग जगह-जगह जुगाड़ से अलाव जलाकर आसपास बैठे दिखे। दिन का तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा 25 और रात का सामान्य से 3.4 डिग्री कम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में दिन में 0.5 और रात में 4.2 डिग्री की गिरावट हुई है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के पास होने से तापमान में बढ़ोतरी होती है। यही वजह है कि दो दिन तापमान में उछाल रहा। अब विक्षोभ गुजर गया है। इसके कारण तापमान में गिरावट हुई है। इसके पीछे एक और विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। ऐसे में दो दिन बाद तापमान बढ़ने की संभावना है। उसके बाद फिर से गिरावट होगी।