
शुभम के सीए के घर पहुंची एसआईटी
Varanasi News - वाराणसी में कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के सीए विष्णु अग्रवाल के दफ्तर पर पुलिस और एसआईटी ने छापा मारा। जांच में सहयोग का आश्वासन देते हुए विष्णु ने दस्तावेज़ प्रस्तुत करने की बात कही। शुभम के पिता के अनुसार, सभी वित्तीय लेनदेन का हिसाब विष्णु ही रखते थे।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के सीए विष्णु अग्रवाल के काशी विद्यापीठ रोड स्थित आवासीय दफ्तर पर सोनभद्र पुलिस एवं वाराणसी की एसआईटी शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे पहुंची। एसआईटी के विवेचक निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे में नोटिस देकर पांच दिन का समय दिया गया था, हालांकि सीए विष्णु अग्रवाल ने तीन दिन में ही दस्तावेज प्रस्तुत करने की बात कही। साथ ही जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। सोनभद्र पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए शुभम के पिता भोला प्रसाद ने बताया था कि पूरा हिसाब-किताब सीए विष्णु अग्रवाल ही करते थे।
कारोबार का पूरा ब्योरा विष्णु के पास है। पूछताछ के आधार पर सोनभद्र पुलिस और एसआईटी सीए विष्णु अग्रवाल के अन्नपूर्णा इन्क्लेव सिगरा स्थित आवास के कार्यालय पर पहुंची। वहां से कोई खास दस्तावेज पुलिस टीम को नहीं मिले। कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही नोटिस दिया गया। नोटिस में सीए विष्णु अग्रवाल से कोतवाली थाने में शुभम, उसके पिता भोला प्रसाद और अन्य पर दर्ज मुकदमे से संबंधित दस्तावेज के साथ पुलिस टीम के सामने प्रस्तुत होने के लिए कहा गया। वहीं सीए विष्णु अग्रवाल ने बताया कि मेरी उनके साथ वित्तीय लेनदेन में कोई सहभागिता नहीं है। एसआईटी के अध्यक्ष डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि सीए विष्णु के पास से कारोबार से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं। वह किसी मुकदमे में नामजद नहीं हैं, लेकिन पूछताछ में कारोबार से जुड़ी और जानकारियां मिल सकती हैं। एसआईटी टीम में कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह, एसआई अंकित सिंह, कांस्टेबल अखिलेश शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




