
आधी रात में चर्चों गूंजा मेरी क्रिसमस, जश्न में डूबा मसीही समुदाय
Varanasi News - वाराणसी में बुधवार की आधी रात प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की धूमधाम से मनाई गई। चर्चों में रोशनी और केक काटने की गतिविधियों के बीच बिशप डॉ. यूजीन जोसेफ ने पवित्र मिस्सा का संचालन किया। श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और प्रेम, शांति और सेवा का संदेश सुना।
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। काशी के चर्चों और मसीही समुदाय के घरों में बुधवार की आधी रात प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की खुशियां धूमधाम से मनाई गईं। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को ‘हैप्पी क्रिसमस’ और ‘मेरी क्रिसमस’ की शुभकामनाएं दीं। जगमगाते दीपों के बीच केक काटकर लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। चर्च रंग-बिरंगी रोशनी से सजे नजर आए। रात करीब 10.30 बजे कैंटोनमेंट स्थित सेंट मेरीज महागिरजाघर में जैसे ही घंटियां बजीं, क्रिसमस उत्सव की औपचारिक शुरुआत हो गई। काशी धर्म प्रांत के बिशप डॉ. यूजीन जोसेफ ने पवित्र मिस्सा बलिदान का संचालन किया। प्रभु यीशु के बाल स्वरूप के दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उल्लास देखने को मिला।
प्रार्थना सभा में बाइबिल का पवित्र संदेश ‘आज दाऊद के नगर बैतलहम में तुम्हारे लिए एक उद्धारकर्ता जन्मा है, वही मसीह प्रभु है’सुनाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने चरनी में विराजमान प्रभु यीशु के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। अंत में बिशप ने प्रेम, शांति और सेवा का संदेश दिया। वहीं दूसरी ओर प्रोटेस्टेंट चर्चों में भी मिडनाइट सर्विस का आयोजन किया गया। कैंटोनमेंट स्थित लाल चर्च में इकबाल मसीह, सिगरा स्थित सेंट पॉल चर्च में पादरी संजय दान, गोदौलिया स्थित सेंट थॉमस चर्च में रेव्ह. एन. स्टीवन्स तथा तेलियाबाग चर्च में पादरी आदित्य ने मिडनाइट सर्विस में विशेष प्रार्थनाएं कराईं। इस अवसर पर फादर थॉमस मैथ्यू, फादर जॉन अब्राहम, फादर संजय और फादर सुनील भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




