
अप्रैल तक 50 बेड से शुरू कर दें नेशनल एजिंग सेंटर
Varanasi News - केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के नेशनल एजिंग सेंटर और ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया। संयुक्त सचिव अंकिता मिश्रा ने एनएसी भवन को मार्च 2026 तक हैंडओवर करने का निर्देश दिया। निर्माण कार्य की प्रगति और मरीजों की सुविधाओं पर भी चर्चा की गई।
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने सोमवार को बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल के नेशनल एजिंग सेंटर (एनएसी) और ट्रॉमा सेंटर के क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्रालय की संयुक्त सचिव अंकिता मिश्रा बुंदेला ने एनएसी भवन को मार्च 2026 तक हर हाल में हैंडओवर करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि भवन का थर्ड पार्टी मूल्यांकन कराया जाएगा। साथ ही निर्देश दिया कि 200 बेड की क्षमता वाले नेशनल एजिंग सेंटर में अप्रैल तक कम से कम 50 बेड पर इलाज शुरू किया जाए। संयुक्त सचिव एनपीएचसीई ललित वाधवा और शिक्षा मंत्रालय के निदेशक विश्वजीत कुमार के साथ टीम सबसे पहले एनएसी पहुंची, जहां निर्माण कार्य का निरीक्षण कर डेडलाइन की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि पहले भवन का हैंडओवर दिसंबर 2025 तक होना था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। संयुक्त सचिव ने स्पष्ट किया कि मार्च 2026 के बाद किसी भी स्थिति में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद टीम सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग पहुंची। यहां ग्राउंड फ्लोर पर संचालित ओपीडी में मरीजों की भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और बैठने की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मरीजों से फीडबैक भी लिया। इसके बाद टीम सर सुंदरलाल अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में पहुंची, जहां व्यवस्थाओं का जायजा लेकर मरीजों से बातचीत की गई। निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने निदेशक प्रो. एसएन संखवार से कहा कि अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार कर उनका प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा जाए। आईएमएस भवन जाने के दौरान टीम ने पार्किंग सुविधा के बारे में पूछताछ की। अस्पताल के एमएस प्रो. केके गुप्ता ने कहा कि मल्टी लेवल पार्किंग का प्रस्ताव दिया गया है। ठेकेदार और सीडब्लयूडी के अधिकारी को फटकार टीम ने ट्रॉमा सेंटर परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) में निरीक्षण किया। वहां पर बताया गया कि अभी 65 फीसदी काम हुआ है। इस पर उन्होंने ठेकेदार और सीपीडब्लयूडी के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जून 2026 तक हर हालत में इसे हैंडओवर करें। दूसरी एसएफसी रखें रोबोट सर्जरी का मामला वाराणसी। दोनों टीम ने अस्पताल निरीक्षण से पहले बीएचयू कुलपति आवास पर समीक्षा बैठक की। बैठक में ‘एम्स लाइक’ परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। ‘एम्स लाइक’ के नोडल प्रो. संजय राय ने भी इन परियोजनाओं के संबंध में सुझाव दिए। संयुक्त सचिव अंकिता मिश्रा बुंदेला ने बैठक में मेडिकल उपकरणों की जानकारी ली और कर्मचारियों व फैकल्टी के वेतन विसंगतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी जाए। इसके अलावा उन्होंने दस दिन के भीतर एसएफसी (स्टैंडिंग फाइनेंस कमेटी) की दूसरी बैठक बुलाने और इसमें रोबोट सर्जरी के मुद्दे को शामिल करने का निर्देश दिया। बैठक में निदेशक प्रो. एसएन संखवार, सर सुंदरलाल अस्पताल के एमएस प्रो. केके गुप्ता, ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज प्रो. सौरभ सिंह, डॉ. विश्वंभर सिंह और डॉ. अनूप मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




