
गोपाल मंदिर से निकाली पदयात्रा, रवाना हुए चुनार
Varanasi News - वाराणसी में गुसाई विट्ठलनाथ का 511वां तीन प्राकट्य महोत्सव शुक्रवार से शुरू हुआ। इस अवसर पर गोपाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भक्तों ने ठाकुरजी की छवि के साथ मंदिर की परिक्रमा की। महोत्सव में विभिन्न आयोजन होंगे, जिनमें श्रीमहाप्रभु का तिलक और अखिल भारतीय सनातन वैष्णव सम्मेलन शामिल हैं।
वाराणसी, मुख्य संवाददाता। गुसाई विट्ठलनाथ का 511वां तीन प्राकट्य महोत्सव शुक्रवार से आरंभ हुआ। इस अवसर पर वैष्णव संप्रदाय के षष्ठपीठ चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रियों ने ठाकुरजी की छवि को नालकी पर विराजमान कराकर मंदिर की परिक्रमा की। सुबह 7:30 बजे मंदिर से आरंभ होकर शोभायात्रा गोलघर, बुलानाला, नीचीबाग, चौक, ज्ञानवापी पहुंची। यहां बाबा विश्वनाथ को प्रणाम करते हुए बांसफाटक, केसीएम वाली गली से नईसड़क की ओर यात्री निकले। वहां से गीता मंदिर वाली गली से महालक्ष्मी मंदिर होते लक्सा क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर आए। इसके बाद से शोभायात्रा अपने पारंपरिक मार्ग रथयात्रा, महमूरगंज होते हुए मंडुवाडीह पहुंची।
यहां से सभी यात्री वाहनों से चुनार स्थित चरणाटधाम रवाना हुए। चुनार में तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत विविध आयोजन होंगे। इसके तहत 13 दिसंबर की शाम 5 बजे श्रीमहाप्रभु एवं श्रीगुसाईं के तिलक षष्ठ पीठाधीश्वर श्याममनोहर महाराज एवं युवराज प्रियेंदु बाबा सपरिवार करेंगे। 14 को सुबह 10 बजे चरणाट धाम में बैठक की परिक्रमा एवं श्रीगिरिराज का दुग्धाभिषेक श्रीवल्लभ युवक परिषद की ओर से होगा। दिन में 3 बजे से अखिल भारतीय सनातन वैष्णव सम्मेलन होगा। इस मौके पर श्री मुकुंद गोपाल सेवा संस्थान एवं रोटरी क्लब इलीट की ओर से नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




