
शोभायात्रा के साथ वैष्णव 12 दिसंबर को जाएंगे चुनार
Varanasi News - वाराणसी में श्रीमहाप्रभु की बैठक एवं गुसाई श्रीविट्ठलनाथ के 511वें प्राकट्य महोत्सव का आयोजन 12 से 14 दिसंबर तक किया जाएगा। पहले दिन गोपाल मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इस अवसर पर नेत्र परीक्षण शिविर और अखिल भारतीय सनातन वैष्णव सम्मेलन भी होगा।
वाराणसी, मुख्य संवाददाता। वैष्णव संप्रदाय के तीर्थस्थल श्रीमहाप्रभु की बैठक एवं गुसाई श्रीविट्ठलनाथ की प्राकट्य स्थली चरणाटधाम में उनका 511वां प्राकट्य महोत्सव मनाया जाएगा। त्रिदिवसीय महोत्सव के पहले दिन 12 दिसंबर को गोपाल मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। भक्त ठाकुरजी की छवि को नालकी पर विराजमान कर पहले मंदिर की परिक्रमा करेंगे। इस बार मंडुवाडीह तक के पहुंच मार्ग में बदलाव किया गया है। यह जानकारी गोपाल मंदिर के षष्ठपीठाधीश्वर श्याममनोहर महाराज ने बुधवार को चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि रोप-वे निर्माण के कारण गोदौलिया और गिरजाघर चौराहा पर बैरिकेडिंग से यात्रा पारंपरिक मार्ग से नहीं जा सकेगी।

सुबह 7:30 बजे मंदिर से आरंभ होकर गोलघर, बुलानाला, नीचीबाग, चौक, बांसफाटक से आगे यात्रा केसीएम वाली गली से नईसड़क की ओर जाएगी। वहां से गीता मंदिर वाली गली से अंदर ही अंदर महालक्ष्मी मंदिर होते लक्सा क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर आएगी। इसके बाद से शोभायात्रा अपने पारंपरिक मार्ग रथयात्रा, महमूरगंज होते मंडुवाडीह तक पहुंचेगी। यहां से सभी पदयात्री वाहनों से चुनार स्थित चरणाटधाम के लिए रवाना होंगे। वहीं सभी अनुष्ठान होंगे। 13 दिसंबर की शाम 5 बजे श्रीमहाप्रभु एवं श्रीगुसाईं के तिलक षष्ठपीठाधीश्वर श्याममनोहर महाराज एवं युवराज प्रियेंदु बाबा सपरिवार करेंगे। वैष्णवजन दर्शन और रात 9 बजे बधाई संकीर्तन एवं सत्संग होगा। तीसरे दिन 14 दिसंबर को सुबह 10 बजे चरणाटधाम में बैठक की परिक्रमा एवं श्रीगिरिराज का दुग्धाभिषेक वल्लभ युवक परिषद की ओर से किया जाएगा। इस मौके पर श्री मुकुंदगोपाल सेवा संस्थान एवं रोटरी क्लब इलीट की ओर से नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। अपराह्न 3 बजे से अखिल भारतीय सनातन वैष्णव सम्मेलन होगा। इसमें कई ग्रंथों एवं उनपर लिखी गई टीका का विमोचन भी होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


