पूर्वोत्तर रेलवे के 558 क्रासिंगों पर लगेगे सीसीटीवी कैमरे
Varanasi News - पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की 558 क्रॉसिंग पर एचडी सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। यह व्यवस्था वाराणसी मंडल में पहली बार लागू की जा रही है। कैमरों से समपार फाटकों पर गतिविधियों की लाइव निगरानी होगी, जिससे सुरक्षा स्टाफ को तुरंत सूचित किया जा सकेगा। योजना का शुभारंभ आजमगढ़-शाहगंज जंक्शन पर हुआ है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की सभी 558 क्रॉसिंग पर एचडी सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। इस जोन के तीन मंडलों वाराणसी, लखनऊ और इज्जतनगर में यह व्यवस्था पहली बार वाराणसी मंडल में शुरू की गई है। सीसी कैमरों के माध्यम से समपार फाटकों पर होने वाली हर गतिविधि को निकटतम स्टेशन पर लगी स्क्रीन पर लाइव देखा जा सकेगा। कैमरों की मदद से जाम या अन्य कारणों से गेट बंद न होने की स्थिति में तुरंत सुरक्षा स्टाफ भेजा जा सकेगा। वहीं मनुष्य या पशुओं के कटने जैसी दुर्घटनाओं को समय रहते गेटमैन को सचेत कर रोका जा सकेगा।
इस योजना की शुरुआत आजमगढ़–शाहगंज जंक्शन रेल खंड पर दीदारगंज रोड स्टेशन स्थित समपार संख्या 67-सी से की गई है, जहां दो सीसी कैमरे लगाए गए हैं। पहले चरण में अधिक यातायात वाले व्यस्ततम समपारों पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। वाराणसी मंडल में कुल 203 स्टेशन हैं, जिनमें 114 स्टेशन और 89 हाल्ट स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों के अंतर्गत कुल 558 मानवित समपार आते हैं। प्रत्येक गतिविधियों की होगी रिकॉर्डिंग मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन संरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए नई तकनीकों का समावेश कर रहा है। इसी कड़ी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि इन कैमरों की फीड को ओएफसी मीडिया के माध्यम से निकटतम स्टेशन तक पहुंचाया जाता है, जहां समपार पर होने वाली प्रत्येक गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




