सीबीएसई : 12वीं में 16 हजार मेधावियों ने पार की बाधा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को कक्षा-12 के नतीजे घोषित किए। इस बार कोई टॉपर लिस्ट जारी नहीं की गई। प्रयागराज रीजन का सफलता प्रतिशत 72.43% रहा, जिसमें बनारस से 22,146 छात्रों में से 16,040 सफल हुए। छात्रों के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा का अवसर भी होगा।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के कक्षा-12 के नतीजे बुधवार की दोपहर घोषित हो गए। 10वीं के बाद इस साल पहली बार 12वीं में भी सीबीएसई की तरफ से कोई टॉपर लिस्ट या मेरिट सूची जारी नहीं की गई। प्रयागराज रीजन के 49 जिलों का सफलता प्रतिशत 72.43 रहा। इस हिसाब से बनारस से परीक्षा देने वाले 22,146 बच्चों में 16,040 सफल रहे हैं। 6106 बच्चे मामूली अंकों से पीछे रह गए। हालांकि इनके पास जुलाई में होने वाली सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल होकर अंक सुधारने का मौका है। बुधवार की दोपहर परिणाम जारी होने के बाद ही स्कूलों में हलचल तेज हो गई।
सुबह सीबीएसई की तरफ से परिणाम जारी होने की जानकारी दी गई थी। खास यह भी है कि पिछले वर्ष भी 13 मई को ही सीबीएसई ने कक्षा-12 के परिणाम जारी किए थे। बुधवार को कड़ी धूप के बावजूद विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी स्कूल पहुंचने लगे। स्कूल की तरफ से परिणाम जारी कर सर्वाधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को फोन पर सूचना दी गई। नतीजे आते रहे और मेधावियों के चेहरे पर मुस्कुराहट और अभिभावकों के चेहरों पर संतोष तैरता गया। कई स्कूलों के परिणाम शत-प्रतिशत रहे। स्कूलों की तरफ से अपने-अपने मेधावियों के सिटी टॉपर होने का दावा भी किया गया। हालांकि बोर्ड की तरफ से कोई टॉपर सूची जारी नहीं की गई है। सीबीएसई की कक्षा-12 की परीक्षाएं इस वर्ष 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक जिले के 55 केंद्रों पर कराई गई थी। परीक्षा संपन्न होने के 34वें दिन परिणाम जारी कर दिए गए।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


