ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीBHU: जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, मरीज बेहाल- PHOTO

BHU: जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, मरीज बेहाल- PHOTO

बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल में शुक्रवार को तीसरे दिन डॉक्टरों ने की हड़ताल जारी है। जूनियर डॉक्टरों ने गुरुवार को भी ओपीडी का बहिष्कार किया था। डॉक्टर बीएचयू संस्कृत विद्या धर्म...

बीएचयू सर सुन्दरलाल अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी
1/ 4बीएचयू सर सुन्दरलाल अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी
जूनियर डॉक्टरों ने किया ओपीडी का बहिष्कार, मरीज बेहाल
2/ 4जूनियर डॉक्टरों ने किया ओपीडी का बहिष्कार, मरीज बेहाल
BHU: जूनियर डॉक्टरों ने किया ओपीडी का बहिष्कार, मरीज बेहाल
3/ 4BHU: जूनियर डॉक्टरों ने किया ओपीडी का बहिष्कार, मरीज बेहाल
बीएचयू सर सुन्दरलाल अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी
4/ 4बीएचयू सर सुन्दरलाल अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी
वाराणसी। निज संवाददाता Fri, 06 Apr 2018 12:58 PM
ऐप पर पढ़ें

बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल में शुक्रवार को तीसरे दिन डॉक्टरों ने की हड़ताल जारी है। जूनियर डॉक्टरों ने गुरुवार को भी ओपीडी का बहिष्कार किया था। डॉक्टर बीएचयू संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जबतक छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हो जाता और साथी चिकित्सकों पर दर्ज एफआईआर हटा नहीं लिया जाता हड़ताल जारी रहेगी। 

वहीं चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. वीके शुक्ला के साथ जूनियर डॉक्टरों की वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने भी डॉक्टरों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से दूर दराज से आए मरीज परेशान रहे। 

वैसे हड़ताल की पूर्व सूचना होने से गुरुवार को बीएचयू अस्पताल में मरीजों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। ज्यादातर मरीजों ने प्राइवेट अस्पतालों का रुख किया। ओपीडी में सीनियरों ने मरीजों को देखा और भर्ती भी किया। दिन में आईएमएस के डायरेक्टर के साथ ही मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय ने भर्ती मरीजों का हालचाल लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों को आश्वस्त किया कि स्थितियां जल्द नियंत्रण में होगी। भर्ती मरीजों की देख-रेख पैरामेडिकल स्टॉफ कर रहे हैं। सीनियर डॉक्टर इमरजेंसी सेवाओं को बहाल किए हैं। इसके तहत इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, सीसीयू तथा ट्रामासेंटर की सेवाएं जारी हैं। जूनियर डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि अस्पताल प्रशासन सहयोगात्मक रवैया नहीं अपनाता है तो इन सेवाओं को भी बाधित किया जाएगा। पूरे दिन अस्पताल प्रशासन जूनियर डॉक्टरों के मान मनौवल में जुटा रहा लेकिन देर रात तक हड़ताल खत्म नहीं हो सकी थी। 

सीनियरों ने संभाली ओपीडी 
जूनियरों की हड़ताल से ओपीडी की बागडोर सीनियर डॉक्टरों ने संभाली। चेस्ट रोग विभाग, हृदय, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, सर्जरी, आंकोलॉजी, बालरोग विभाग, ईएनटी तथा मेडिसिन विभाग में डॉक्टरों ने मरीजों को देखा। इन ओपीडी में ज्यादातर फालोअप के मरीज आए थे। रोजाना दो बजे बंद हो जाने वाली ओपीडी में देर शाम तक चिकित्सक डटे रहे। 

प्रशासन दर्ज कराए मुकदमा 
जूनियर डॉक्टरों ने डॉक्टर्स लाउंज में बैठक कर हड़ताल जारी रखने का फैसला लिया। डॉक्टर चाहते हैं कि अस्पताल प्रशासन अपनी ओर से छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए। इसके अलावा अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग रखी। 

मामले में यह है पेच
हड़ताली डॉक्टर छात्र पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई लिखकर देने को तैयार नहीं है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जूनियर डॉक्टर अपनी बात लिखकर अस्पताल प्रशासन को दें। ताकि उसके आधार पर मुकदमा कराया जाए। 

मरीजों ने किया निजी अस्पतालों का रुख
बीएचयू अस्पताल में हड़ताल की खबर से अधिकांश मरीजों ने प्राइवेट अस्पतालों का रुख किया। गम्भीर मरीजों को इमरेजेंसी में दाखिला दिया गया। गरीब व असहाय मरीज जो प्राइवेट का खर्च नहीं उठा सकते, उन्होंने अस्पताल की ओपीडी में उपचार कराया। 

हॉस्टल खाली करा सकता है प्रशासन
डॉक्टरों की लगभग सभी मांगों पर सहमति बनी है लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े हैं। सूत्रों की मानें तो कुलपति के साथ देर रात हुई प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने पर चर्चा हुई। संभव है कि प्रशासन जूनियर डॉक्टरों को हॉस्टल खाली करने का आदेश जारी कर दे। 

हड़ताल को हवा देने में जुटा गुट
सर सुन्दरलाल अस्पताल में शिक्षकों का एक गुट हड़ताल को समाप्त कराना चाहता है। जबकि दूसरा इसे हवा देने में जुटा है। जूनियर डॉक्टरों को आगे रखकर वह राजनीति कर रहे हैं। यही कारण है कि बुधवार को कुलपति से वार्ता के बाद डॉक्टर मान गए लेकिन कुछ देर बाद पुन: हड़ताल का एलान कर दिया। 

बीएचयू सर सुन्दरलाल अस्पताल की स्थिति 
पर्ची कटी- 2346
पंजीकरण- 2865
भर्ती- 61
डिस्चार्ज- 99
ऑपरेशन- 40
जांच- 2034
इमरजेंसी में भर्ती- 178

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें