बीएचयू में रजिस्ट्रार के 52 और परीक्षा नियंता के 20 आवेदन वैध
Varanasi News - बीएचयू में नए रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंता की नियुक्ति के लिए आवेदन की जांच तेज हो गई है। स्क्रीनिंग कमेटी ने योग्य अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंता के पद चार से छह साल से खाली हैं। कुलपति ने प्रशासनिक पदों पर पूर्णकालिक अधिकारियों की नियुक्ति का इशारा किया है।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। बीएचयू में नए रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंता की तलाश तेज हो गई है। आवेदनों की जांच के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी ने पद के लिए योग्य अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। अगले चरणों में प्रेजेंटेशन, साक्षात्कार सहित अन्य जांच के बाद अंतिम नामों पर सहमति बनेगी। बीएचयू में पूर्णकालिक रजिस्ट्रार का पद चार साल तो परीक्षा नियंता का पद लगभग छह साल से खाली चल रहा है। आचार्य प्रभारियों की तैनाती के कारण प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों में सामंजस्य की कमी अक्सर सामने आती है। पद संभालते ही कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने ‘एक व्यक्ति-एक पद’ की बात करते हुए प्रशासनिक पदों पर पूर्णकालिक अधिकारियों की नियुक्ति का इशारा किया था।
सात जनवरी, 2026 को विज्ञापित पदों के लिए सौ से ज्यादा आवेदन आए। इनमें रजिस्ट्रार पद के लिए 61 और परीक्षा नियंता के लिए 29 आवेदन आए। स्क्रीनिंग के बाद कमेटी ने रजिस्ट्रार के लिए 52 और परीक्षा नियंता पद के लिए 20 आवेदनों को वैध घोषित किया। प्रपत्रों और अनुभव की कमी से दोनों पदों के लिए नौ-नौ आवेदन अनअर्ह घोषित किए गए।सभी आवेदनों के साथ अनिवार्य रूप से विजिलेंस क्लीयरेंस, अपार (एनुअल परफॉर्मेंस एप्रेजल रिपोर्ट) और एनओसी मांगा गया था। रजिस्ट्रार पद के लिए अर्ह 52 आवेदनों में 41 ने अपार, 33 ने विजिलेंस क्लीयरेंस और 34 ने एनओसी नहीं दी है। इनमें चार आवेदक रिटायर हो चुके हैं। परीक्षा नियंता के 20 आवेदनों में 16 ने अपार, 12 ने विजिलेंस और 15 ने एनओसी जमा नहीं की है। साक्षात्कार से पहले तक इन्हें यह प्रपत्र जमा करने का मौका दिया जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


