विद्यार्थियों को आधिकारिक डोमेन पर ई-मेल आईडी देगा बीएचयू
Varanasi News - वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। विद्यार्थियों के साथ त्वरित और प्रभावी संवाद के लिए बीएचयू

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। विद्यार्थियों के साथ त्वरित और प्रभावी संवाद के लिए बीएचयू से एक नई पहल की है। बीएचयू के सभी विद्यार्थियों को अब विश्वविद्यालय के आधिकारिक डोमेन bhu.ac.in पर ई-मेल आईडी उपलब्ध कराया जा रहा हैं।अब तक विश्वविद्यालय की डोमेन ई-मेल आईडी संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और पीएचडी शोधार्थियों को अनुरोध के आधार पर जारी की जाती थी। अब यह सुविधा औपचारिक रूप से सभी विद्यार्थियों को दी जा रही है। इस सुविधा से परिसर के 20 हजार से ज्यादा विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। यह पहल आधिकारिक ई-मेल आईडी के माध्यम से संवाद को प्रोत्साहित करने की दिशा में विश्वविद्यालय के प्रयासों का हिस्सा है, जिससे संवाद अधिक सुचारु, प्रामाणिक एवं सुरक्षित होगा और किसी भी प्रकार के दुरुपयोग या प्रतिरूपण की संभावना भी कम होगी।
नया डोमेन ई-मेल विद्यार्थियों को एक विश्वसनीय एवं प्रामाणिक डिजिटल पहचान प्रदान करेगा। साथ ही इसके माध्यम से स्नातक, परास्नातक, विज्ञान, कला, मानविकी और अन्य श्रेणियों के आधार पर ई-मेल समूह बनाकर लक्षित एवं विषय-विशिष्ट संवाद संभव हो सकेगा।इसके साथ ही विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण सूचनाएं विद्यार्थियों की बीएचयू डोमेन ई-मेल आईडी पर सीधे भेजी जाएंगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए किसी कार्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित हुए बगैर अपने विषयों का समाधान पाना संभव हो सकेगा। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को उनके शिक्षकों, विभागों और विश्वविद्यालय से और अधिक निकटता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कंप्यूटर सेंटर समन्वयक प्रो. राजेश कुमार ने बताया कि बीएचयू देश के उन चुनिंदा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में से है, जो अपने सभी विद्यार्थियों को यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है। बताया कि इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा अतिरिक्त गूगल वर्कस्पेस लाइसेंस एवं क्लाउड स्टोरेज की व्यवस्था भी की गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


