
पीएचडी के लिए कर्मचारियों को भी देनी होगी परीक्षा
Varanasi News - बीएचयू में अब गैर शिक्षण कर्मचारियों को पीएचडी में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा देनी होगी। पहले साक्षात्कार के आधार पर प्रवेश मिलता था। नए नियमों के तहत, रिसर्च मेथोडोलॉजी पर बहुविकल्पीय प्रश्न आधारित परीक्षा होगी। परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर भौतिक सत्यापन और साक्षात्कार में शामिल होने का मौका मिलेगा।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बीएचयू में गैर शिक्षण स्थायी कर्मचारियों को पीएचडी करने के लिए अब परीक्षा देनी होगी। इससे पहले उन्हें सीट उपलब्धता के आधार पर साक्षात्कार से प्रवेश दिया जाता था। इस साल पीएचडी प्रवेश के नए नियमों में एक नियम यह भी जोड़ा गया है। इस बदलाव पर कर्मचारी असंतोष व्यक्त कर रहे हैं। पीएचडी प्रवेश के नए नियमों के अनुसार गैर शिक्षण कर्मचारियों को अब रिसर्च मेथोडोलॉजी पर अब बहुविकल्पीय प्रश्न आधारित लिखित परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक मिलने पर उन्हें भौतिक सत्यापन और साक्षात्कार में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। यह टेस्ट परीक्षा नियंता कार्यालय की तरफ से लिया जाएगा।

पीएचडी नियमावली के बड़े बदलावों में अबकी ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में अभ्यर्थियों को अपनी लोकेशन वरीयता चुनने का विकल्प भी दिया जाएगा। बुलेटिन में अलग-अलग फैकल्टी के लिए अलग-अलग सेक्शन भी दिए जाएंगे। सभी स्वीकृत पीएचडी कार्यक्रमों की पूरी लिस्ट अबकी बुलेटिन में दी जाएगी। चाहे उस कार्यक्रम में सीटें उपलब्ध हों या नहीं। इस बार फिजिकल वेरिफिकेशन और इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या तय करने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग और डीन को दी गई है। हर सीट के लिए कम से कम 10 अभ्यर्थियों को कॉल करना होगा। पिछले वर्ष इसे लेकर भी छात्रों ने खासा हंगामा किया था। अंतत: बीएचयू को हर सीट पर सभी अर्ह छात्रों को कॉल करना पड़ा था। वीडियो जारी कर दी परसेंटाइल गणना की जानकारी वाराणसी। पीएचडी बुलेटिन जारी करने से पहले बीएचयू ने अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया के जरिए छात्रों को जागरूक करने के लिए एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में सभी अभ्यर्थियों को परसेंट (प्रतिशत) और परसेंटाइल (प्रतिशतक) से जुड़ी सामान्य जानकारी दी गई है। वीडियो में समझाया गया है कि प्रतिशत (कुल अंकों में प्राप्त अंक) और प्रतिशतक (अन्य अभ्यर्थियों की तुलना में आपकी स्थिति) में क्या अंतर है। बता दें कि पिछले सत्र के पीएचडी प्रवेश में छात्रों ने परसेंटाइल को लेकर भी हंगामा किया था। नए सत्र में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए बीएचयू की तरफ से पहले से इस तरह की तैयारियां की जा रही हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




