
समझाई खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने की विधि
Varanasi News - बीएचयू आईएमएस के 65वें वार्षिकोत्सव पर दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का समापन हुआ, जहां कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। डॉ. अभिषेक मौर्या और डॉ. अरद्राकप ने पनीर, दूध और शहद में मिलावट की पहचान करने की विधि बताई। कुल 9600 लोगों को चिकित्सा परामर्श दिया गया।
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बीएचयू आईएमएस के 65वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले के अंतिम दिन मंगलवार को कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के स्टॉल पर खाद्य पदार्थों के गुणवत्ता की जांच के बारे में बताया गया। डॉ. अभिषेक मौर्या और डॉ. अरद्राकप ने स्टॉल पर आने वाले लोगों को बताया कि पनीर, दूध और शहद में एक बूंद आयोडीन सोल्यूशन डालने पर मिलावट नहीं होने पर इनका रंग नहीं बदलेगा। मिलावट होने पर यह तुरंत काले हो जाएंगे। दोनों चिकित्सकों ने शहद और चीनी की गुणवत्ता जांचने की विधि भी बताई। इससे पहले एम्स लाइक के नोडल अधिकारी प्रो. संजय राय और आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने मेले में निरीक्षण किया।
बेहतर संयोजन के लिए शान्तनु बोस, शैलेश तिवारी एवं रमेश चन्द्र को सम्मानित किया गया। संचालन प्रो. वीएन मिश्रा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. टी.पी चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान फैक्ल्टी ऑफ मेडिसिन के डीन प्रो. संजय गुप्ता, आयुर्वेद संकाय के डीन प्रो. पीके. गोस्वामी, प्रो. केके गुप्ता, प्रो. बी राम, प्रो. एसके भारती, प्रो. गोपाल नाथ, वैद्य सुशील कुमार दूबे, प्रो. संतोष सिंह मौजूद थे। दो दिन में कुल 9600 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। डॉक्टर और पुलिस के बीच काफी समानता : पीयूष मार्डिया समापन समारोह के मुख्य अतिथि एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने कहा कि डॉक्टर और पुलिस के बीच काफी समानता होती है। लोग अपने दुखों को साझा करने के लिए हमारे पास आते हैं। इसलिए इनके पूरे सवाल एवं व्यथा को समझना चाहिए जिससे रोग एवं कारणों का यथाशीघ्र निराकरण हो सके। विशिष्ट अतिथि भूल्लनपुर स्थित पीएसी की 34वीं वाहिनी की सेनानायक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने कहा कि बीएचयू में प्रवेश पाना प्रत्येक चिकित्सक का सपना होता है। मैं चिकित्सा क्षेत्र से हूं। इसलिए इस विशेषता को महसूस कर चुकी हूं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




