
आईआईटी बीएचयू में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
Varanasi News - वाराणसी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) ने राष्ट्रीय कर्मयोगी कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों को अधिक दक्ष एवं सेवा-उन्मुख बनाने के उद्देश्य से कौशल उन्नयन पर ध्यान केंद्रित किया गया। सभी प्रतिभागियों को अंत में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
वाराणसी। कर्मचारियों में सेवा भाव के संदेश के व्यापक प्रसार के उद्देश्य से राष्ट्रीय कर्मयोगी वृहद पैमाने पर जन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय), वाराणसी में शुक्रवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्रीनिवास देशपांडे पुस्तकालय के प्रथम तल स्थित पुस्तकालय सम्मेलन कक्ष में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर इंचार्ज (प्रशासन) प्रोफेसर रंजीत महंती एवं संस्थान के कुलसचिव श्री सुमित कुमार बिस्वास ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रोफेसर इंचार्ज (प्रशासन) प्रोफेसर रंजीत महंती ने कहा कि राष्ट्रीय कर्मयोगी वृहद पैमाने पर जन सेवा कार्यक्रम भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य नियम-आधारित प्रणाली से भूमिका-आधारित एवं दक्षता-संचालित क्षमता निर्माण की दिशा में संक्रमण के माध्यम से सिविल सेवाओं में व्यापक रूपांतरण लाना है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक उत्तरदायी, दक्ष एवं सेवा-उन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संस्थान के कुलसचिव श्री सुमित कुमार बिस्वास ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम निरंतर अधिगम, कौशल उन्नयन तथा सभी स्तरों के अधिकारियों में सकारात्मक व्यवहारिक परिवर्तन पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि यह पहल नागरिक-केंद्रित, दक्ष एवं भविष्य के लिए तैयार सार्वजनिक प्रशासन की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन मास्टर प्रशिक्षकों श्री राजन चौधरी, उप कुलसचिव (स्थापना), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएसएम), धनबाद तथा श्री प्रदीप कुमार दुबे, सहायक कुलसचिव (बजट), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय), वाराणसी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और सत्रों को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




