
पगड़ी-साफा धारण कर हुआ दीक्षांत का पूर्वाभ्यास
Varanasi News - बीएचयू परिसर में दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत स्नातकों की कतारें लगी थीं। मुख्य समारोह स्थल की सजावट युद्धस्तर पर चल रही थी। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने पूर्वाभ्यास में भाग लिया। दीक्षांत समारोह शुक्रवार को सुबह 11 बजे होगा, जिसमें 13,650 उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बीएचयू परिसर में गुरुवार को अलग हलचल दिखी। संकायों से दीक्षांत परिधान लेने के लिए स्नातकों की कतारें लगी थीं तो मुख्य समारोह स्थल (स्वतंत्रता भवन) की साज-सज्जा युद्धस्तर पर चल रही थी। दोपहर बाद सभागार ‘मधुर मनोहर अतीव सुंदर’ की पंक्तियों से गूंज उठा। शिष्ट यात्रा के साथ दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास किया गया। रात में कुलपति की तरफ से बीएचयू परिवार को परंपरागत रात्रिभोज भी दिया गया। मुख्य दीक्षांत समारोह शुक्रवार को सुबह 11 बजे आयोजित होगा। इसके बाद संकायों और महाविद्यालयों के उपाधि वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे। पूर्वाभ्यास के दौरान कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी भी पूरे समय सभागार में मौजूद रहे।
उन्होंने एक-एक बारीकी के बारे में पूछताछ की और जरूरी बदलावों के लिए भी निर्देश दिए। बीएचयू के विशिष्ट दीक्षांत संगीत के साथ शिष्ट यात्रा की शुरुआत हुई। कुलपति भी इसमें शामिल हुए। स्नातकों को सभागार की व्यवस्था और दीक्षांत संबोधन के दौरान उनकी प्रतिक्रिया के बारे में बताया गया। इससे पहले छात्राओं ने सभागार के मुख्यद्वार पर कई रंगोलियां बनाईं और उद्यान विभाग की तरफ से भी फूलों की सजावट की गई। पूर्वाभ्यास में कुलगुरू प्रो. संजय कुमार, कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह, संस्थानों के निदेशक, संकाय प्रमुख, विभागाध्यक्ष, उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, शिक्षकगण और प्रशासनिक टीमें शामिल हुईं। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि नीति आयोग के सदस्य डॉ. विजय कुमार सारस्वत होंगे। इस वर्ष कुल 13,650 उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, एमफिल और पीएचडी शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




