
प्रवेश न लेने वालों का ब्योरा जुटा रहा बीएचयू
Varanasi News - बीएचयू ने 2025 के शैक्षणिक सत्र के बाद उन अभ्यर्थियों का ब्योरा जुटाना शुरू किया है, जिन्होंने सीट लॉक करने के बाद भी प्रवेश नहीं लिया। प्रवेश प्रक्रिया में एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, लेकिन लगभग दो हजार सीटें खाली रह गईं। प्रवेश न लेने वालों की फीस रिफंड की जाएगी।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। शैक्षणिक सत्र 2025 की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीएचयू अब ऐसे अभ्यर्थियों का ब्योरा जुटा रहा है, जिन्होंने सीट लॉक करने के बाद भी प्रवेश नहीं लिया। इसके लिए सभी संकायों और विभागों से प्रवेशार्थियों के अलावा डॉक्यूमेंट जमा न करने वाले अभ्यर्थियों की भी सूची मांगी गई है। अगले वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया में प्रवेशार्थियों की ऐसी प्रवृत्ति रोकने के भी इंतजाम किए जाएंगे। बीएचयू में इस सत्र की प्रवेश प्रक्रिया जुलाई से लगभग चार महीने तक चली। स्नातक और स्नातकोत्तर प्रवेश प्रक्रिया में देशभर से एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किए। बीएचयू के प्रवेश पोर्टल पर सीट लॉक कर रजिस्ट्रेशन शुल्क भी जमा कराया गया।
इसके बावजूद काउंसिलिंग तक काफी अभ्यर्थी छंट गए। यह भी तब हुआ जब बीएचयू ने जेएनयू-डीयू सहित देश के टॉप विश्वविद्यालयों के बाद अपनी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की थी। प्रवेश प्रक्रिया संपन्न करने तक यूजी और पीजी मिलाकर लगभग दो हजार सीटें खाली रह गईं। यह आंकड़ा आरक्षित सीटों से इतर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों की सीटों का है। प्रवेश न लेने वालों का आंकड़ा आने के बाद खाली सीटों की संख्या और बढ़ेगी। वापस लेने वालों की फीस रिफंड करने की भी तैयारी बीएचयू ने नियमानुसार सभी प्रवेश न लेने वाले अभ्यर्थियों की फीस रीफंड की प्रक्रिया शुरू की है। इसके साथ ही सीट लॉक करने के बाद प्रवेश न लेने के कारण भी तलाशे जा रहे हैं। केंद्रीय प्रवेश समिति की मानें तो वजहों के आधार पर अगले सत्र की प्रवेश प्रक्रिया में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी प्रवेश न लेने की प्रवृत्ति को कम करने के भी प्रयास किए जाएंगे। टीसी-माइग्रेशन जमा करने को 31 तक मौका बीएचयू में नवप्रवेशियों को माइग्रेशन और टीसी जमा करने के लिए एक और मौका दिया गया है। शुक्रवार को केंद्रीय प्रवेश समिति के साथ हुई बैठक में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने नए विद्यार्थियों को 31 दिसंबर तक टीसी-माइग्रेशन जमा करने का अवसर देने की स्वीकृति दी। बैठक में अंकपत्र, प्रमाण पत्र आदि जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने पर भी चर्चा हुई मगर इसे अपरिवर्तित रखा गया। नवप्रवेशियों के लिए अंकपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर तक थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




