ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीबदलाव के वाहक हैं युवा, यथास्थितिवादी न बनें

बदलाव के वाहक हैं युवा, यथास्थितिवादी न बनें

भाजपा के प्रदेश महासचिव पंकज सिंह ने कहा है कि दुनिया में हुए सभी बदलावों के पीछे युवा ही रहे हैं। इसलिए युवाओं को यथास्थितिवाद से बचना चाहिए। उन्हें बदलाव का नेतृत्व करना चाहिए। श्री सिंह रविवार को...

बदलाव के वाहक हैं युवा, यथास्थितिवादी न बनें
हिन्दुस्तान टीम,वाराणसीSun, 23 Jun 2019 06:58 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के प्रदेश महासचिव पंकज सिंह ने कहा है कि दुनिया में हुए सभी बदलावों के पीछे युवा ही रहे हैं। इसलिए युवाओं को यथास्थितिवाद से बचना चाहिए। उन्हें बदलाव का नेतृत्व करना चाहिए। श्री सिंह रविवार को हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में छात्र संघ युवा महोत्सव को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने छात्रों से कहा कि वे समाज के लिए रोल मॉडल बने। सकारात्मक दृष्टिकोण रखें। शिक्षा सिर्फ रोजगार के लिए नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण के लिए भी जरूरी है। पंकज सिंह ने कहा कि आज के युवा नए भारत के नागरिक हैं। आज का भारत सिर्फ बात नहीं करता, वह करके दिखाता है। आतंकवाद पर पहले बात होती थी। अब एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक की जाती है। आज की विज्ञान और तकनीक की दुनिया है। भारत इस क्षेत्र में युवाओं के मेधा के बल पर ही श्रेष्ठता हासिल कर रहा है। इसके साथ ही हमें अपने संस्कृति के शाश्वत मूल्यों की भी रक्षा करनी है। हमें ऐसा काम नहीं करना चाहिए जो हमें अपने बड़ों और गुरुजनों से छिपानी पड़े।

विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री विजय प्रताप सिंह ने कहा कि जातिवाद और क्षेत्रवाद पर परिषद का यकीन नहीं है। राष्ट्रवादी युवा नेतृत्व का विकास हो, यह परिषद के मूल उदेश्यों में से एक है। कार्यक्रम में भाजपा नेता शंकर गिरी समेत कई अन्य लोगों ने भी विचार रखे। बीएचयू के छात्रनेता भूपेंद्र सिंह रिंटू, काशी विद्यापीठ के आशुतोष सिंह, हरिश्चंद्र की खुशबू सिंह, सन्नी केशरी सहित छात्रसंघ के कई पूर्व पदाधिकारियों ने पंकज सिंह का स्वागत किया। छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित सिंह ने छात्रों की ओर से उन्हें तलवार भेंट किया। धन्यवाद प्राचार्य डॉ. ओपी सिंह और संचालन शैलेंद्र पांडेय कवि ने किया।

तीस जून तक समाप्त हो जाएंगे छात्रसंघों के कार्यकाल

छात्रसंघ के संविधान के अनुसार सत्र के अंतिम दिन तक ही उनका कार्यकाल रहता है। सत्र के अंतिम दिन छात्रसंघ कार्यालयों में विश्वविद्यालय या कालेज प्रशासन अपना ताला लगा देता है। इस समय काशी विद्यापीठ, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिश्चंद्र पीजी कालेज, यूपी कॉलेज, लोहिया पीजी कॉलेज और बल्देव पीजी कॉलेज बड़ागांव में छात्रसंघ हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें