पैनिक बटन की अनिवार्यता से वाहन स्वामियों में नाराजगी
वाराणसी, हिटी। बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने वीएलटीडी और पैनिक बटन की अनिवार्यता के खिलाफ आरटीओ कार्यालय में विरोध दर्ज कराया। एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपकर मांग की कि तीन माह की समर्पण अवधि बढ़ाई जाए और वीएलटीडी एवं पैनिक बटन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आरटीओ ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

वाराणसी, हिटी। वाहनों में वीएलटीडी (वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) एवं पैनिक बटन की अनिवार्यता से नाराज बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने शुक्रवार को आरटीओ कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आरटीओ को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने कहा कि वर्तमान में वाहन फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य कागजातों के नवीनीकरण और अप्रूवल में वीएलटीडी (वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) एवं पैनिक बटन की अनिवार्यता से भारी समस्या उत्पन्न हो रही है। 01 जनवरी 2019 से पूर्व पंजीकृत वाहनों के कागजातों पर भी रोक लगाई जा रही है, जिससे सैकड़ों टूरिस्ट वाहन संचालन से वंचित हो रहे हैं। वाहन स्वामियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन की मांगें
एसोसिएशन ने मांग की कि पूर्व की भांति तीन माह की समर्पण अवधि एक साथ बढ़ाने की व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही, शासन अथवा परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दर पर वीएलटीडी एवं पैनिक बटन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि वाहन स्वामियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि 25 मई तक वीएलटीडी एवं पैनिक बटन की समस्या का समाधान नहीं हुआ तथा वाहनों के फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य कागजातों का अप्रूवल सुचारू रूप से प्रारंभ नहीं किया गया तो सभी वाहन आरटीओ कार्यालय पर खड़ा कर चाबियां जमा कर दी जाएंगी।
आरटीओ का आश्वासन
आरटीओ ने आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर निदेशालय स्तर पर वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास होगा। पोर्टल और सिस्टम को सुचारू रूप से चालू कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में शशिप्रताप सिंह, प्रकाश जायसवाल, विनोद सिंह, हर्षवर्धन सिंह, राजन एवं प्रभाकर पांडेय आदि मौजूद रहे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


