बाबतपुर। हिन्दुस्तान संवाद
खराब मौसम के कारण मुंबई से चला विमान बुधवार को दरभंगा से वापस कर दिया गया। दरभंगा में विमान उतारने की अनुमति न मिलने पर उसे दोपहर ढाई बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान काफी देर तक दरभंगा में हवा में चक्कर काटता रहा। इस दौरान विमान में सवार 121 यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। दरभंगा में मौसम साफ न होने पर शाम 4.20 बजे विमान वापस मुंबई रवाना किया गया।
स्पाइसजेट का विमान एसजी-944 मुम्बई एयरपोर्ट से दरभंगा जा रहा था। वहां अनुमति न मिलने पर विमान को बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। पायलट ने वाराणसी एटीसी से सम्पर्क कर विमान उतारने की इजाजत मांगी। यहां पर दोपहर 2:30 बजे लैंडिंग हुई। विमान में सवार 121 यात्रियों में दो बच्चे थे। शाम तक दरभंगा का मौसम साफ नहीं हो सका। इस कारण 107 यात्रियों ने यात्रा रद कर दी। एयरलाइंस ने सभी का किराया वापस कर दिया। 12 यात्री उसी विमान से मुंबई लौट गए।