काशी से डीडीयू स्टेशन तक ऑटोमेटिक सिग्नल पर दौड़ीं ट्रेनें
Varanasi News - वाराणसी से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक ट्रेनों में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग की व्यवस्था शुरू हो गई है। इससे ट्रेनें बिना रुके तेज गति से चल सकेंगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा। यह प्रणाली 1 मार्च से पूरी तरह लागू होगी। कुल 12 सिग्नल लगाए गए हैं, जिनका परीक्षण चल रहा है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। हावड़ा जाने वाली ट्रेनों की तर्ज पर काशी से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) तक भी ट्रेनें ऑटोमेटिक सिग्नल से दौड़ने लगीं। उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) में पहली बार काशी, व्यास नगर और ब्लॉक हट बी स्टेशनों पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग की व्यवस्था शुरू हुई है। गुरुवार देर रात सिस्टम की कमीशनिंग के बाद शुक्रवार से रेलवे की तकनीकी टीम ने इसका ऑब्जर्वेशन (परीक्षण) शुरू कर दिया। इससे ट्रेनें अनावश्यक नहीं रुकेंगी। उनकी रफ्तार बढ़ेगी और अधिक गाड़ियां भी चल सकेंगी। यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें सुविधा होगी। दरअसल, अभी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से हावड़ा तक ऑटोमेटिक सिग्नल सिस्टम से ट्रेनें चलती हैं।
उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) के डीडीयू जंक्शन, ब्लॉक हट बी, व्यास नगर, काशी, वाराणसी जंक्शन (कैंट) होकर शिवपुर तक ऑटोमेटिक सिग्नल लगाने की योजना है। पहले चरण में काशी से ब्लॉक हट बी तक प्रत्येक किलोमीटर पर सिग्नल लगाए गए हैं। इस तरह कुल 12 सिग्नल (6 अप और 6 डाउन साइड) लगे हैं। गुरुवार देर रात कुछ गाड़ियों को गुजारकर कमीशनिंग की प्रक्रिया पूरी गई। अब सिग्नलों का ऑब्जर्वेशन चल रहा है, जो 28 फरवरी को रात 12 बजे तक चलेगा। इसके बाद एक मार्च से ट्रेनों को पूरी तरह इस सिस्टम से चलाया जा सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



