
ब्लेड से ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या
Varanasi News - वाराणसी में सोमवार रात एक ऑटो चालक की पेपर कटिंग ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी विष्णु को स्थानीय दुकानदारों ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने उसे दबोच लिया और हत्या में प्रयुक्त ब्लेड बरामद कर लिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
वाराणसी, संवाददाता। सुंदरपुर चौकी और चितईपुर चौराहे के बीच सोमवार रात ऑटो चालक की पेपर कटिंग करने वाले ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी गई। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी विष्णु का पीछा करते हुए 200 मीटर दूर उसके घर तक पहुंच गए। इस बीच पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेने की कोशिश की तो उसने चाकू से हमले का प्रयास किया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार चितईपुर चौराहे से थोड़ी दूर ऑटो खड़ा कर चालक उसमें बैठा था। इस बीच आरोपी से किसी बात पर उसका विवाद हो गया।
इस पर आरोपी ने पेपर कटिंग करने वाले ब्लेड से उसका गला रेत दिया। खून से लथपथ चालक सड़क पर गिर गया। आसपास के दुकानदारों ने आरोपी को भागते देखा तो पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गए। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। हत्यारोपी को हिरासत में लेने की पुलिस ने कोशिश की तो आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। किसी तरह उसे हिरासत में लिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ब्लेड बरामद कर लिया है। सूचना पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार लंका, भेलूपुर, चितईपुर थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस पर किया चाकू से हमला सुंदरपुर चौकी और चितईपुर चौराहे के बीच सोमवार रात ऑटो चालक की ब्लेड से गला रेत कर हत्या करने के आरोपी ने पुलिस पर भी चाकू से हमला किया। इस दौरान किसी तरह उस पर कंबल और चादर फेंककर दबोचा गया। दरअसल घटना के बाद आरोपी को भागते देखा तो उसका पीछा कर लिया। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच आरोपी घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर दूर अपने घर पहुंच गया। पीछा कर रहे व्यापारी और पुलिस भी पहुंच गए। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने चाकू से वार करना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने उस पर कंबल और चादर फेंके। सिर पर कंबल गिरते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। जहां हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, वहां से सुंदरपुर पुलिस चौकी की दूरी लगभग 400 मीटर है। जबकि, चितईपुर चौराहे पर चितईपुर पुलिस के जवानों की तैनाती रहती है। आसापास के दुकानदारों ने पुलिस ने बताया कि आरोपी मानसिक रोगी है। उसने एक साल पहले अपनी अविवाहित छोटी बहन को पीटकर घर से भगा दिया था। आरोपी का घटनास्थल से 200 मीटर दूर दुकान और कटरा है। किराये से वह खर्च चलता है जबकि ऊपर वह रहता है। मृतक की शिनाख्त में जुटी रही पुलिस घटना के बाद पुलिस चालक की पहचान करने में जुट गई थी। पुलिस के अनुसार अशोक विहार कॉलोनी निवासी महेश यादव के नाम से ऑटो नंबर पंजीकृत है। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार परिजनों से संपर्क के बाद ही तय होगा कि मृतक ऑटो का मालिक था या किराए पर चलाता था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




