साध्वियों की मौत पर जैन समाज की आक्रोश रैली
रीवा (मप्र) में जैन साध्वियों की सड़क हादसे में मौत से दिगंबर जैन समाज में आक्रोश है। लोगों ने भेलूपुर जैन मंदिर से प्रधानमंत्री के जनसंपर्क कार्यालय तक रैली निकाली और इसे हत्या करार दिया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। रीवा (मप्र) में जैन साध्वियों की सड़क हादसे में मौत से लोगों में आक्रोश है। दिगंबर जैन समाज के लोगों ने मंगलवार को भेलूपुर जैन मंदिर से जवाहर नगर एक्सटेंशन स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाला। उन्होंने कहा कि यह हादसा नहीं हत्या है। जनसंपर्क कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।रीवा में पदयात्रा करते समय सुबह-सुबह एक कार चालक ने जैन साध्वियों को कुचल दिया। इसमें दो साध्वियों की मौत हो गई है। इससे समाज के लोगों में आक्रोश है। दिगंबर जैन समाज काशी के उपाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि गाड़ी चालक ने जान-बूझकर जैन साध्वियों को निशाना बनाया।
अध्यक्ष आरसी जैन ने साधु-संतों को पूरे राष्ट्र में सुरक्षा देने की मांग की। मंत्री विनोद जैन ने देश में साधु-संतों को राजकीय प्रोटोकॉल के तहत राज्य अतिथि का दर्जा और सुरक्षा मिलनी चाहिए। इस दौरान किशोर जैन, सौरभ जैन, प्रमिला सांवरिया, चंद्र कुमार जैन, पं.फूलचंद जैन प्रेमी, प्रमोद बागड़ा, प्रो. कमलेश जैन, सूर्य प्रकाश जैन, किरण जैन, अर्चना जैन, आलोक जैन मौजूद थे।


