अमृत भारत के चार इंजन बने, दो जोनों में भेजे गए

Jan 18, 2026 01:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share Share
Follow Us on

Varanasi News - बनारस रेल इंजन कारखाने में अमृत भारत एक्सप्रेस के चार लोकोमोटिव तैयार हैं। इनमें से दो इंजनों को वेस्ट सेंट्रल रेलवे और दो को नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे भेजा गया है। इन इंजनों का निर्माण पिछले वर्ष जुलाई में शुरू हुआ था और आगामी वित्तीय वर्ष में 24 और इंजन बनाने का लक्ष्य है।

अमृत भारत के चार इंजन बने, दो जोनों में भेजे गए

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गैर वातानुकूलित (नॉन एसी) श्रेणी की प्रीमियम ट्रेन अमृत भारत एक्सप्रेस के चार लोको (इंजन) बनकर तैयार हैं। इनमें दो इंजन को वेस्ट सेंट्रल रेलवे (डब्ल्यूसीआर) जोन के तुगलकाबाद इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शेड और दो को नॉर्थ फ्रंटियर (एनएफआर) जोन के सिलीगुड़ी डीजल लोको शेड में भेजे गए हैं। बीएलडब्ल्यू में अमृत भारत ट्रेन के इंजनों का निर्माण पिछले वर्ष जुलाई में शुरू हुआ था। इस वित्तीय वर्ष में 6000 हॉर्स पावर क्षमता के 24 इंजन (12 सेट) बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें डब्ल्यूएपी-7 अमृत भारत मॉडल के चार इंजन बनाकर दो रेलवे जोन में भेज भी दिए गए हैं।

इन इंजनों का आकार एयरो डायनमिक है। जिससे यह तेज गति से चल सकते हैं, साथ ही ऊर्जा की बचत भी होती है। इंजन की अन्य खूबियों में दोनों सिरों पर पायलट के लिए कक्ष (कैब), कार की तरह सिंगल विंड शील्ड, स्पीड बूस्ट अप सिस्टम और दोनों ओर सीसी कैमरे लगे हैं। एक इंजन के निर्माण पर लगभग 10.50 करोड़ लागत आई है। पुश-पुल विधि पर चलती है अमृत भारत अमृत भारत ट्रेनें पुश-पुल विधि से चलती हैं। यानी इनमें आगे और पीछे दो इंजन लगे होते हैं। हालांकि आगे के इंजन में ही बैठकर लोको पायलट और सहायक लोको पायलट पीछे का लोको भी कंट्रोल करते हैं। अमृत भारत ट्रेन भविष्य के लिए तैयार रेलवे सिस्टम को दर्शाती है, जहां बेहतर डिजाइन, स्वदेशी तकनीक और बेहतरीन परिचालन मिलकर आरामदायक, भरोसेमंद और सभी के लिए रेल यात्रा को नया राष्ट्रीय मानक बनाते हैं। फिलहाल वाराणसी होकर मालदा टाउन-गोमतीनगर अमृत भारत जाती है। अगले हफ्ते से बनारस-सियालदह और हावड़ा-वाराणसी-आनंद विहार और कामाख्या-वाराणसी-आनंद विहार टर्मिनल ट्रेनें भी चलेंगी। इस बारे में जनसंपर्क अधिकारी अमृत भारत ट्रेन के इंजनों के निर्माण का लक्ष्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। बनारस रेल इंजन कारखाना की टीम इस कार्य में पूरी तन्यमता से लगी है। ---------------------------------------------------------------------- कामाख्या-रोहतक अमृत भारत वाराणसी होकर जाएगी वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। कामाख्या से रोहतक तक नॉन एसी प्रीमियम ट्रेन अमृत भारत एक्सप्रेस वाराणसी जंक्शन (कैंट) होकर जाएगी। यह वाराणसी से गुजरने वाली चौथी अमृत भारत ट्रेन होगी। कामाख्या-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-15671/15672) गाड़ी के संचालन का शुभारंभ 18 जनवरी को होगा। पहले दिन यह गाड़ी कामाख्या से उद्घाटन स्पेशल (गाड़ी संख्या-05671) बनकर चलेगी। एनई रेलवे (वाराणसी मंडल) के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि उद्घाटन विशेष गाड़ी को सुबह 11 बजे कामाख्या से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। रंगिया, बारपेटा रोड, न्यू बोंगाईगांव, कोकराझार, न्यू कूचविहार, न्यू जलपाईगुड़ी, किशनगंज, बारसोई, कटिहार, नौगछिया, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, बलिया, गाजीपुर सिटी, औड़िहार स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अगले दिन 19 जनवरी को दोपहर 12.05 बजे कैंट पहुंचेगी। यहां से ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज रामबाग, प्रयागराज जंक्शन, गोविंदपुरी, टूंडला, गाजियाबाद, दिल्ली, बहादुरपुर होकर तीसरे दिन सुबह 4 बजे रोहतक पहुंचेगी। इस ट्रेन में 8 स्लीपर, 11 जनरल, 2 एसएलआर तथा एक पैंट्रीकार समेत 22 कोच होंगे। वंदेभारत सरीखी सुविधाएं, किराया एक्सप्रेस की तरह अमृत भारत ट्रेनों में एसी कोच नहीं हैं। सिर्फ स्लीपर और जनरल कोच हैं। इन ट्रेनों में सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदेभारत सरीखी सुविधाएं हैं, लेकिन किराया एक्सप्रेस या मेल गाड़ियों से मामूली ज्यादा है। इनमें यात्री कई आधुनिक सुविधाओं का आनंद ले सकते हैं, जिनमें फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल और बोतल होल्डर, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स, आरामदायक सीटें और बर्थ, इलेक्ट्रो-न्यूमेटिक फ्लशिंग वाले आधुनिक टॉयलेट, आग बुझाने के सिस्टम और दिव्यांग यात्रियों के लिए भी सुविधाएं शामिल हैं। फास्ट चार्जिंग पॉइंट तथा पैंट्री कार लंबी दूरी की यात्रा को और भी आरामदायक बनाते हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।