Varanasi News: कमलापति जी ने विकास के लिए विश्वास की राजनीति की
Varanasi News: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने खजुरी में पं. कमलापति त्रिपाठी की जयंती समारोह में कहा कि त्रिपाठी की राजनीति का विकास में महत्वपूर्ण योगदान था। उन्होंने सबके विश्वास की राजनीति की। संकटमोचन मंदिर के महंत ने भी उनकी विकास नीतियों की सराहना की और पत्रकार कल्याण कोष के लिए चेक दिए गए।

Varanasi News: वाराणसी, हिटी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कमलापति त्रिपाठी की राजनीति विकास की राजनीति का बेमिसाल और अनुकरणीय माडल थी। अजय राय मंगलवार को खजुरी में पं. कमलापति जयंती समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कमलापति जी ने विकास के लिए सबके विश्वास की राजनीति की। अध्यक्षता करते हुए संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने कहा कि कमलापति जी तथा कांग्रेस ने काशी की आकांक्षा, परिवेश और आवश्यकता के अनुरूप विकास की नीतियां अपनाईं। आज विकास काशी की डेमोग्राफी के विपरीत आकार ले रहा है। प्रो.सतीश राय ने कहा कि पंडित जी राष्ट्रीय जीवन में काशी की संस्कृति के ब्रांड एम्बेसडर थे।
आयोजन समिति के महामंत्री सतीश चौबे ने काशी पत्रकार संघ को संस्थापक अध्यक्ष कमलापति त्रिपाठी की जयंती पर पत्रकार कल्याण कोष के लिए 15-15 हजार के दो चेक रामप्रवेश चौबे कालेज एवं घनश्याम सिंह कालेज की ओर से काशी पत्रकार संघ अध्यक्ष अरुण मिश्र को भेंट किए। समारोह को नागेश्वर सिंह, अनिल श्रीवास्तव, विजय शंकर पाण्डेय, सलमान बशर, प्रजानाथ शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान देवांश चौबे, प्रमोद चौबे दिलीप चौबे, नीरज चौबे और मयंक चौबे आदि ने किया।


