यात्री के बैग से मैगजीन समेत छह कारतूस मिले
Varanasi News - बाबतपुर एयरपोर्ट पर एक यात्री के हैंडबैग में छह कारतूस मिले। भुवनेश्वर नाथ तिवारी और उनकी पत्नी दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद माफीनामा लिखवाकर उन्हें छोड़ दिया। एयरलाइंस के नियमानुसार, शस्त्र लाइसेंस के साथ यात्रा करने की प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है।

बाबतपुर (वाराणसी), संवाद। बाबतपुर एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर विमान यात्री के बैग में मैगजीन समेत छह कारतूस मिले। पुलिस ने पूछताछ के बाद माफीनामा लिखवाकर छोड़ दिया। यात्रा भी रद्द कर दी गई। मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौंधा निवासी भुवनेश्वर नाथ तिवारी रविवार दोपहर 2:45 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आईएक्स 1254 से दिल्ली जाने के लिए पहुंचे थे। साथ में पत्नी रीता तिवारी भी थीं। भुवनेश्वर ने टर्मिनल भवन में प्रवेश के बाद एयरलाइन काउंटर से बोर्डिंग पास लिया। इसके बाद सिक्योरिटी होल्ड एरिया में सीआईएसएफ जवानों को जांच के दौरान उनके हैंडबैग से मैगजीन समेत 0.32 बोर के छह कारतूस मिले।
यात्री को हिरासत में लेकर बाबतपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस चौकी में यात्री से लगभग तीन घंटे तक सुरक्षा एजेंसियों ने गहन पूछताछ की। उसके परिजनों को सूचना दी गई। भुवनेश्वर ने अपना शस्त्र लाइसेंस पुलिस को दिखाया। बताया कि भूलवश मैगजीन बैग में ही रग गया। इसके बाद माफीनामा लिखवाकर छोड़ दिया गया। चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा ने बताया कि विमान यात्री अपने बिजनेस के सिलसिले में दिल्ली जा रहे थे। पूछताछ के बाद मैगजीन और कारतूस लौटा दिए गए। असलहा ले जाने के हैं नियम एयरलाइंस के नियमानुसार यात्री के पास ऑल इंडिया परमित का शस्त्र लाइसेंस है और वह विमान यात्रा के दौरान असलहे को साथ लेकर जाना चाहता है तो उसकी प्रक्रिया है। इसका चार्ज भी यात्री को देना पड़ता है। कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद टर्मिनल के बाहर यात्री को अपना असलहा सुरक्षाकर्मियों को देना पड़ता है। यात्रा पूरी करने के बाद गंतव्य वाले एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन से बाहर शस्त्र को यात्री को सुपुर्द कर दिया जाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



