
दलहन, तिलहन की खेती भी बढ़ाएं किसान: शाही
Varanasi News - कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने वाराणसी में कहा कि सरकार किसानों को उन्नति के नए आयाम छूने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने प्राकृतिक खेती और दलहनी, तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। मंत्री ने किसानों की समस्याओं की जानकारी भी ली और कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की।
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा है कि सरकार का प्रयास है कि किसान उन्नति के नए आयाम छुएं। इस दिशा में उन्हें प्रोत्साहन से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। आज जरूरत है कि किसान प्राकृतिक खेती पर जोर दें। साथ ही दलहनी और तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा दें। कृषि मंत्री चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में बुधवार को वाराणसी और विंध्याचल मंडल की रबी उत्पादन गोष्ठी में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि पिछले 11 साल में डीएपी के दामों को बढ़ने नहीं दिया गया है। कृषि मंत्री ने मंडलायुक्तों को सरकारी केंद्रों पर उपलब्ध बीज वितरण में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि 25 नवम्बर तक गेहूं की बुवाई सुनिश्चित हो। बोले, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जागरूकता से वहां का कृषि चक्र ठीक है। उन्होंने भदोही के गोदामों में उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद एआर तथा जिला कृषि अधिकारी द्वारा वितरण नहीं करने तथा टालमटोल पर कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार को ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धान खरीद केंद्र से चना, मसूर की भी खरीद होगी। इस दौरान कृषि मंत्री ने किसानों की समस्या की जानकारी ली। उन्होंने प्रदर्शित किए गए उत्पादों को भी देखा। कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव (उद्यान) बीएल मीणा, प्रमुख सचिव (सहकारिता) सौरभ बाबू, सचिव (कृषि) इंद्र विक्रम सिंह, कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी आदि ने भी विचार रखे। इस मौके पर निदेशक (उद्यान) बीपी राम, अपर आयुक्त (सहकारिता) श्रीकांत गोस्वामी, संयुक्त निदेशक (उर्वरक) आशुतोष मिश्र उपस्थित रहे। उपनिदेशक (कृषि) अमित जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कृषि निर्यात को बढ़ावा देने को ‘आविष्कार’ का सहयोग मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बताया कि मंडल में इस वर्ष उत्पादन अच्छा होने की संभावना है। कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए मुम्बई के आविष्कार फाउंडेशन के साथ टाई अप किया गया है। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के साथ पेरिसेबल कार्गो की क्षमता में भी वृद्धि की जा रही है। उन्होंने बाबतपुर रजवाहा में टेल तक पानी की पहुंच सुनिश्चित करने, मंडल में सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट की स्थापना करने, गाजीपुर में उर्वरक रैक तथा चंदौली में बनी मत्स्य मंडी के संचालन के लिए एसओपी बनाने की मांग रखी। विंध्याचल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कृषि विकास पर प्रकाश डाला।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


