Hindi NewsUttar-pradesh NewsVaranasi NewsAgniveer Recruitment Rally in Varanasi 983 Candidates Attend Injuries Reported
बलिया–चंदौली के 983 अभ्यर्थी दौड़े,  601 सफल

बलिया–चंदौली के 983 अभ्यर्थी दौड़े, 601 सफल

संक्षेप:

Varanasi News - वाराणसी में अग्निवीर भर्ती रैली में बलिया और चंदौली के 1218 अभ्यर्थियों में से 983 उपस्थित हुए। 601 ने 1.6 किमी दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। कुछ अभ्यर्थियों को चोटें आईं, लेकिन उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अग्निवीर बनने वाले युवा कौशलवीर प्रमाणपत्र प्राप्त करेंगे, जो भविष्य में नौकरी में सहायक होगा।

Nov 13, 2025 10:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share Share
Follow Us on

वाराणसी। छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में गुरुवार को बलिया जिले के बांसडीह, सिकंदरपुर, बैरिया और चंदौली जिले के सदर, चकिया व नौगढ़ तहसील के जनरल ड्यूटी (जीडी) के अभ्यर्थी शामिल हुए। भर्ती के लिए दोनों जिलों से कुल 1218 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 983 उपस्थित हुए। इनमें से 601 अभ्यर्थी 1.6 किमी की निर्धारित दौड़ में सफल रहे। भर्ती प्रक्रिया का नेतृत्व अमेठी एआरओ के भर्ती निदेशक कर्नल सुनील मोर एवं उनकी टीम ने किया। रैली के लिए अभ्यर्थी मंगलवार शाम से मैदान पर पहुंच गए थे। रात में दस्तावेजों की जांच के बाद भोर में दौड़ शुरू हुई, जो सुबह आठ बजे तक चली।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके बाद अभ्यर्थियों को अन्य शारीरिक परीक्षाओं से गुजरना पड़ा। रेस के दौरान विक्की यादव (चंदौली) के टखने में मोच आ गई। शक्तिमान पांडेय (बांसडीह, बलिया) और शिवम सिंह (नौगढ़, चंदौली) के पैर में गंभीर चोट आई। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की देखरेख में भेजा गया। शुक्रवार को चंदौली जिले के सकलडीहा, मुगलसराय और देवरिया जिले के सदर, बरहज व भाटपार रानी तहसीलों के 1217 जीडी अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। उप महानिदेशक ने जांची प्रक्रिया वाराणसी। रणबांकुरे मैदान में गुरुवार को उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के उप महानिदेशक (भर्ती) ब्रिगेडियर एस.के. मंडल (सेना मेडल) ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्नल रेशमा शरीन (आगरा एआरओ), कर्नल सुनील मोर (अमेठी एआरओ), कर्नल मानस महापात्रा (बरेली एआरओ) तथा कर्नल शैलेश कुमार (वाराणसी एआरओ) के साथ बैठक कर भर्ती प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। अगले साल से कौशलवीर बनकर निकलेंगे अग्निवीर वाराणसी। अग्निवीर बनकर भारतीय सेना का हिस्सा बने युवा न सिर्फ देश सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं, बल्कि इस दौरान अपनी प्रतिभा भी निखार रहे हैं। सेना में अग्निवीरों की कार्यकुशलता विकसित करने और प्रमाणित करने की व्यवस्था की गई है। सेवा पूर्ण होने पर उन्हें ‘कौशलवीर’ प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। अग्निवीर योजना के तहत क्लर्क, ट्रेडमैन (आठवीं एवं दसवीं पास), टेक्निकल और जीडी पदों पर भर्ती की जाती है। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों में अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को यह प्रमाणपत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पद के अनुसार भर्ती जवानों की कार्यकुशलता का अलग-अलग मूल्यांकन किया जाता है। उसी के आधार पर कौशलवीर प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा, जो भविष्य में सरकारी और निजी नौकरियों में सहायक होगा। अगले वर्ष अग्निवीरों की पहली बैच सेवा पूर्ण कर बाहर आएगी। हिन्दुस्तान असर : जलभराव वाली सड़क हुई दुरुस्त फोटो- पाइप वाराणसी। अग्निवीर भर्ती के तहत हो रही रैली में दौड़ की प्रक्रिया सड़क पर भी कराई जा रही है। रास्ते में एक स्थान पर पाइपलाइन से रिसाव के कारण आधी सड़क पर जलभराव रहता था, जिससे अभ्यर्थियों के फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ था। आपके अपने अख़बार ‘हिन्दुस्तान’ ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए छावनी बोर्ड ने गुरुवार से मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। अब रास्ते को दुरुस्त कर दिया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को दौड़ के दौरान राहत मिली है।