VIDEO लंबे इंतजार के बाद काशी में पहली बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत
लंबे इंतजार के बाद गुरुवार की शाम काशी में झमाझम बारिश ने लोगों में उल्लास भर दिया। दो दिन से बारिश की संभावना बन हुई थी, लेकिन बादल निराश कर रहे थे। गुरुवार शाम सात बजे के आसपास पहले आंधी आई, उसके...
लंबे इंतजार के बाद गुरुवार की शाम काशी में झमाझम बारिश ने लोगों में उल्लास भर दिया। दो दिन से बारिश की संभावना बन हुई थी, लेकिन बादल निराश कर रहे थे। गुरुवार शाम सात बजे के आसपास पहले आंधी आई, उसके बाद करीब आधा घंटा झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद भी सड़कों पर ट्रैफिक आम दिनों की तरह चलता रहा। एेसा लग रहा था जैसे हर कोई इस बारिश का आनंद लेना चाह रहा हो। मौसम वैज्ञानिक प्रो.एसएन पांडेय के मुताबिक यह प्री-मानसून बारिश है। मानसून 28 जून के बाद आएगा। इस बार काशी में भीषण गर्मी पड़ रही है। लगातार तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। इस बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है।
मौसम की वेबसाइट स्काईमेट के अनुसार दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे मध्य प्रदेश के भागों पर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। इससे वातावरण में नमी बढ़ने के आसार हैं। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहेगा। बीच में बूंदाबादी होगी। कुल मिलाकर गर्मी से थोड़ी राहत की संभावना है।
शाम की बारिश ने लोगों की उम्मीदें जगा दीं। बारिश के बाद मिट्टी से आ रही सोंधी खुशबू ने इस बात का अहसास कराया कि तपिश से राहत मिल जाएगी। बारिश की सूचना और फोटो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल होने लगे। लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था। हालांकि, एक दिन की राहत के बाद गुरुवार को दिन में तापमान ने फिर उछाल लिया था। अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 46 फीसदी रही। जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूयनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस था।