Varanasi News: बंद विद्यालय का वीडियो का बनाने पर आप प्रवक्ता गिरफ्तार
Varanasi News: आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को प्राथमिक विद्यालय, कोनिया के वीडियो बनाने के मामले में गिरफ्तार किया गया। उन पर तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित करने का आरोप है। विद्यालय का भवन जर्जर है और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें समीपस्थ विद्यालय में भेजा गया।

Varanasi News: वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। प्राथमिक विद्यालय, कोनिया का वीडियो बनाने के मामले में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि मुकेश अपनी पार्टी के शिक्षा में सुधार कार्यक्रम के तहत स्कूल की वीडियो बनाकर तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित कर रहे थे। प्रधानाध्यापक कमलेश चंद्र पांडेय की तहरीर पर आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इससे आप कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।
विद्यालय के हालात
तहरीर के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय, कोनिया बंद नहीं है, बल्कि बच्चों की शैक्षणिक निरंतरता सुरक्षा को देखते हुए समीप स्थित प्राथमिक विद्यालय, कोनिया सट्टी में संचालित किया जा रहा है। उक्त विद्यालय का भवन जर्जर हो चुका है। यहां 52 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। तीन जुलाई को छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया था। इसको देखते हुए तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी ने 19 जुलाई को अस्थायी रूप से बच्चों को कोनिया सट्टी स्थित विद्यालय से सम्बद्ध करने का निर्देश दिया। गुरुवार को विद्यालय का वीडियो बनाने और प्रसारित करने पर आप नेता पर कार्रवाई की गई।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
उधर, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा कि तानाशाही चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में बदहाल स्कूल की वीडियो दिखाने पर आप प्रवक्ता मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।


