जिला कारागार में बंदी ने चम्मच से काटा गला
Varanasi News - वाराणसी में 24 वर्षीय बंदी शुग्गन ने शनिवार सुबह जेल में आत्महत्या का प्रयास किया। उसने चम्मच से अपने गले को काट लिया। उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल भेजा गया। शुग्गन पर एक किशोरी के अपहरण और उसके...

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। जिला कारागार में शनिवार सुबह करीब 11 बजे 24 वर्षीय बंदी शुग्गन ने चम्मच को धारदार बनाकर अपना गला रेत लिया। बंदी रक्षकों ने उसे कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे गंभीर हाल में भर्ती कराया गया है। शिवपुर थाना क्षेत्र की किशोरी के अपहरण और उसके परिजनों से मारपीट, धमकी देने के आरोप में बीते चार जुलाई को सोनभद्र के पौनी (रायपुर) निवासी शुग्गन पर मुकदमा दर्ज किया गया था। छह जुलाई को शिवपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल में दाखिल किया था। इसके बाद से एक बैरक में शुग्गन को रखा गया था, जहां 14 दिन के लिए नए बंदी रखे जाते हैं।
जेल प्रशासन के अनुसार जब से शुग्गन जेल में बंद था, तब से उससे कोई मिलने नहीं आया था। न ही उसने परिजनों से बात करने के लिए कोई फोन नंबर दर्ज कराया था। शनिवार सुबह वह शौचालय के पीछे गया और चम्मच से गला रेतने लगा। इस दौरान जेलकर्मियों की नजर पड़ी तो उसे लेकर फौरन कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचे। हालात नाजुक होने पर उसे वहां से बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के समय जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव परिसर में मौजूद नहीं थे। शिवपुर में शुग्गन की रिश्तेदारी है। रिश्तेदारी में आने के दौरान उसकी एक किशोरी से दोस्ती हो गई। शादी करने के लिए 15 साल की किशोरी को बहलाकर 30 जून को अपहरण कर लिया। अपने घर लेकर चला गया। आरोप है कि परिजन जब उसके घर पहुंचे तो शुग्गन, उसके पिता समेत अन्य ने किशोरी के परिजनों से मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद किशोरी के भाई की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने चार जुलाई को केस दर्ज किया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




