हिंदी पत्रकारिता राष्ट्रीय चेतना का सशक्त आधार
Varanasi News - महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता विभाग में 'हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष' विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। डॉ. नागेंद्र सिंह ने हिंदी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका और चुनौतियों पर चर्चा की। वरिष्ठ पत्रकार संजय मिश्र और आनंद कुमार गुप्ता ने पत्रकारिता के विकास और सामाजिक जिम्मेदारी पर अपने विचार साझा किए।

वाराणसी, मुख्य संवाददाता। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता विभाग के निदेशक डॉ. नागेंद्र सिंह ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने दो सौ साल की गौरवशाली यात्रा में भारतीय समाज, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को सशक्त आधार प्रदान किया। वर्ष 1826 में 30 मई को जन्म के बाद यह महज सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना की संवाहक बनी। बीएचयू के पत्रकारिता विभाग में रविवार को ‘हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष : ऐतिहासिकता, परिवर्तन और चुनौतियां’ विषयक संगोष्ठी के समापन सत्र में कई वक्ताओं ने विचार रखे। डॉ. सिंह ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के मूल्यों पर चर्चा की।
कहा कि तकनीक मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व से अलग नहीं की जा सकती है। बंगाल के बाद काशी हिंदी पत्रकारिता का प्रमुख केंद्र बनी। इसने इसे वैचारिक दिशा दी।वरिष्ठ पत्रकार संजय मिश्र ने कहा कि समाज में बदलाव लाने के साथ विकास के नए अध्याय जोड़ने वाली लेखनी स्मृति में स्थायी रहती है। पत्रकारिता के लिए समर्पण आवश्यक है। पत्रकार को केवल खबर नहीं प्रस्तुत करनी होती है। उसे पाठकों की समझ के अनुरूप परिभाषित भी करना होता है। नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि नेपाली पत्रकारिता के विकास में काशी का महत्वपूर्ण योगदान है। नेपाल में राजशाही के दौर में समाचार पत्रों पर सेंसरशिप था। भारतीय समाचार पत्र-पत्रिकाएं वहां भेजे जाते थे। उन्हें पढ़ने के लिए नेपाली पाठकों में विशेष उत्साह रहता था। प्रो.ज्ञानेश्वर चौबे ने पत्रकारिता के समकालीन स्वरूप और उसकी सामाजिक जिम्मेदारी की चर्चा की। कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य निश्चित रूप से हिंदी पत्रकारिता को चुनौती देते हैं। डॉ. सनत कुमार ने भी विचार व्यक्त किया। संचालन डॉ. बाला लखेंद्र और धन्यवाद ज्ञापन पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष प्रो. ज्ञानप्रकाश मिश्र ने किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


